असपा का आरोप आरक्षित वर्गों के लिए निर्धारित सीटों के आवंटन को लेकर भारी गड़बड़ी
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम ने कहा कि लेखपाल भर्ती को लेकर जारी की गयी अधिसूचना को देखकर लग रहा है कि इन रिक्तियों में आरक्षण का बड़ा घोटाला किया जा रहा है। आरक्षित सीटें भी सामान्य वर्ग के लिए छोड़ी जा रहीं हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा लेखपाल भर्ती 2025-26 के लिए जारी अधिसूचना में कुल 7,994 पदों पर भर्ती का प्रावधान किया गया है। प्रथम दृष्टया यह संख्या बड़ी प्रतीत होती है, लेकिन आरक्षित वर्गों (एससी/एसटी/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस) के लिए निर्धारित सीटों के आवंटन एवं नियमों के अनुपालन को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में यह स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है कि आरक्षण से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों एवं राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों को दरकिनार किया गया है। विशेष रूप से आरक्षित वर्गों की सीटों के निर्धारण में अनुपात, क्षैतिज-ऊध्र्व आरक्षण, एवं बैकलॉग पदों के समुचित समायोजन का पालन नहीं किया गया, जिससे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय और धोखा प्रतीत हो रहा है।

यह स्थिति न केवल सामाजिक न्याय की भावना के विपरीत है, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 14, 15 और 16 में निहित समानता एवं अवसर की गारंटी पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है। यदि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण नियमों का ईमानदारी से पालन नहीं किया गया, तो यह वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों का सीधा हनन होगा। आवश्यक है कि यूपी अधीनस्थ चयन सेवा आयोगा एवं राज्य सरकार इस भर्ती प्रक्रिया की तत्काल समीक्षा करे, आरक्षित वर्गों की सीटों का नियमों के अनुरूप पुनर्निर्धारण करे, और पारदर्शिता के साथ संशोधित विवरण सार्वजनिक करें, ताकि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हो सके और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके। वैध नियमों के अनुसार आवंटन हो हुआ और जो होना चाहिए।
उन्होंने श्रेणी कोटा सीट और सामान्य सीट के लिए आवंटित आरक्षण का हवाला देते हुए बताया कि ओबीसी 27 % आरक्षण के हिसाब से इन वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 2158 होने चाहिए, लेकिन इनके लिए 1441 पद आवंटित किये गये हैं। इसी तरह एससी के लिए 21 % आरक्षण के हिसाब से 1,679 पद होने चाहिए, लेकिन 1446 पदों के लिए ही अधिसूचना जारी की गयी है। एसटी के लिए 2 % आरक्षण के हिसाब सेा 160 की जगह 150 पद निर्धारित किये गये हैं। इसी तरह यूआर के लिए 40 % के हिसाब से 3,198 के स्थान पर बढ़ाकर 4165 पद दिये गये हैं और सामान्य वर्ग के ईडब्ल्यूएस के लिए आवंटित 10 % के हिसाब से 799 की जगह 792 पद पर भर्ती निकाली गयी है।