हर मंडल से दो-दो सीटों पर पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाने की रणनीति पर चल रहा मंथन
कमल जयंत
लखनऊ। राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश गुप्ता का कहना है कि रालोद एनडीए गठबंधन का मजबूत हिस्सा है और यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी का मकसद पश्चिमी यूपी के साथ ही राज्य के सभी मंडलों में पार्टी के जनाधार को बढ़ाना और मजबूत करना है।
पश्चिमी यूपी में तो रालोद का मजबूत जनाधार है। वहां किसान, नौजवान, महिलाएं पूरी तरह से रालोद के साथ हैं।
पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वांचल, बुंदेलखंड, रुहेलखंड और मध्य यूपी में में पार्टी के जनाधार को मजबूत करने की रणनीति तय की जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने संगठन के विस्तार के लिए ही पश्चिम के अलावा सभी क्षेत्रों से विधानसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया है।

निश्चित तौर पर रालोद एनडीए गठबंधन के साथ ही यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ेगा, इसके लिए हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से बात करके राज्य के सभी जिलों से सीटें मांगीं हैं। ताकि हर जिले में पार्टी का जनाधार मजबूत हो सके। अभीतक सिर्फ पश्चिमी यूपी में ही पार्टी का मजबूत जनाधार है। पार्टी इसका विस्तार चाहती है। जिससे कार्यकर्ताओं को भी लगे कि उनकी पार्टी का पूरे यूपी में मजबूत जनाधार है।
उनका कहना है कि 2022 में रालोद ने यूपी विधानसभा का चुनाव समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करके लड़ा था। उस समय पार्टी 35 सीटों पर लड़ी थी और दस विधायक जीते थे। मौजूदा राजनीतिक हालात में पार्टी पश्चिमी यूपी के अलावा सभी मंडल से एक से कम दो-दो सीटें चाहती है। ताकि रालोद को पूरे प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करने के साथ ही पार्टी को मजबूत करने में मदद मिले।
अब राज्य में विधानसभा चुनाव होने में ज्यादा समय नहीं बचा है। पार्टी ने अपने स्तर से प्रदेश की जिन 70 सीटों पर मजबूत जनाधार है, वहां तैयारियां तेज कर दी है। गठबंधन में सीटें मिलने के बाद पार्टी अपने प्रत्याशियों के साथ ही एनडीए गठबंधन में शामिल अन्य दलों के प्रत्याशियों के लिए भी प्रचार करेगी।
ताकि यूपी में एनडीए गठबंधन को दो-तिहाई से अधिक सीटें मिल सकें और यहां एक बार फिर एनडीए की मजबूत सरकार बने। सुरेश गुप्ता का कहना है कि रालोद का प्रदेश के सभी जिलों में संगठन है और कार्यकर्ता एनडीए गठबंधन के लिए काम कर रहे हैं। पार्टी ने जिन 70 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है, अगर उनमें से कुछेक सीटें उन्हें नहीं मिलीं तो ऐसी स्थिति में रालोद द्वारा की गयी तैयारी का फायदा एनडीए गठबंधन के प्रत्याशी को मिलेगा।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर रालोद उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार तो ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके सख्त कार्रवाई कर रही है। लेकिन हमारा अपना मानना है कि भगवान राम मंदिर में चढ़ावा चोरी करने वालों को भगवान जी खुद ही दण्ड देंगे। सुरेश गुप्ता एनडीए कानपुर के क्षेत्रीय अध्यक्ष भी हैं। पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने इन्हें कानपुर में एनडीए में शामिल दलों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी भी दे रखी है।