कांशीराम जी की विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं चन्द्रशेखर

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की प्रदेश कार्यालय लखनऊ में हुई मासिक समीक्षा बैठक में प्रदेश भर में हो रहीं संवैधानिक अधिकार बचाओ और भाईचारा बनाओ रैली को लेकर चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने कहा कि पार्टी का मकसद राज्य में बहुजनों पर हो रहे उत्पीड़न के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करके पीड़ितों को न्याय दिलाना है।
रैली का मकसद बहुजनों को एक बैनर के तले एकजुट करना

उन्होंने कहा कि बहुजन नायक कांशीराम जी हम लोगों को पहले ही मार्ग दिखा गये हैं, उनके बताये रास्ते पर चलकर बहुजन समाज को पार्टी के बैनर तले एकजुट करके राज्य में अपनी सत्ता स्थापित करना है। बहुजनों की सरकार तभी बनेगी जब बहुजन समाज आजाद समाज पार्टी के बैनर तले एकजुट होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में भाईचारा बनाओ रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली का मकसद बहुजनों को एक बैनर के तले एकजुट करना है। बहुजन नायक कांशीराम जी जबतक स्वस्थ थे, तबतक वे इस अभियान को चलाते रहे और इसी का नतीजा रहा कि यूपी में बसपा की चार बार सरकार बनी, लेकिन दुर्भाग्यवश मौजूदा बसपा नेतृत्व बहुजनों को एकजुट करने के लिए किसी भी तरह का कोई अभियान नहीं चला रहा है।
बैठक में असपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम ने कहा कि कांशीराम जी के इस अभियान को असपा प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद आगे बढ़ा रहे हैं। इन रैलियों के जरिए असपा प्रमुख चन्द्रशेखर ने यूपी में चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है और उनकी ये रैलियां चुनाव होने तक जारी रहेंगी। बैठक में संगठन के सभी जोन प्रभारी, मंडल प्रभारी , भाईचारा कमेटी एवं प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष ने फैजान हसन पीलीभीत, आगरा निवासी रेशम सिंह बघेल, श्रीमती लीलावती राजभर, तबरेज, निखिल कुमार, राशिद खान को पार्टी की सदस्यता दिलायी।