सत्ता में आने पर पिछड़ा वर्ग को देंगे 42 फीसदी आरक्षण : चन्द्रशेखर

Share

पिछड़ा वर्ग के 27 फीसदी आरक्षण के अलावा अति पिछड़ा वर्ग के लिए अलग से होगी 15 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि यूपी में असपा की सरकार बनने पर अति पिछड़ा वर्ग को अलग से 15 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। उनका कहना है कि हमारी पार्टी की सरकार बनने के बाद यूपी में दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के साथ किसी भी तरह का कोई अन्याय या अत्याचार नहीं होगा। इन वर्गों का उत्पीड़न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

असपा प्रमुख दो जून से यूपी में शुरू करेंगे सत्ता परिवर्तन यात्रा

चन्द्रशेखर आजाद यूपी की नगीना लोकसभा सीट से आजाद समाज पार्टी से सांसद हैं। राज्य में बसपा के कमजोर होने की वजह से दलितों का झुकाव आजाद समाज पार्टी की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि दलितों, पिछड़ों व अल्पसंख्यकों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ असपा प्रमुख मजबूती से अपनी आवाज उठाते रहे हैं। इन वर्गों की आवाज बुलंद करने और इनकी समस्याओं को जानने के साथ ही इन वर्गों में पार्टी की स्थिति की जानकारी हासिल करने के लिए ही चन्द्रशेखर आजाद विधानसभा चुनाव से नौ महीने पहले  यूपी में दो जून से सत्ता परिवर्तन यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं।

चन्द्रशेखर की ये यात्रा राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी

असपा प्रमुख ने दो जून से शुरू होने वाली सत्ता परिवर्तन यात्रा का एक पोस्टर भी जारी किया है। इसमें जो स्लोगन दिया गया है। उसके मुताबिक राज्य के सभी संसाधनों में पिछडों का हक 42 फीसदी होगा। पार्टी ने बहुजन एकता को अपना लक्ष्य बनाया है और इसी लक्ष्य को लेकर असपा विधानसभा चुनाव में उतरेगी। फिलहाल पार्टी राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव की तैयारी कर रही है। परिवर्तन यात्रा सभी विधानसभा सीटों में जाएगी।

हालांकि इस बार पार्टी का मकसद भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। इसके लिए पार्टी प्रमुख बहुजन समाज के हित में विपक्ष के साथ गठबंधन करके चुनाव भी लड़ सकते हैं। वैसे इस संबंध में असपा के प्रदेश के कोषाध्यक्ष अमित गौतम का कहना है कि हमारी पार्टी सभी सीटों पर तैयारी कर रही है। अगर राष्ट्रीय नेतृत्व किसी दल के साथ मिलकर चुनाव लडऩे का फैसला लेगा तो हमारी तैयारी का फायदा हमारे साथ गठबंधन करने वाले दल को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *