मनुवादी विचाधारा के लोगों की संविधान विरोधी सोच पर विराम लगाना होगा : चिंतामणि

Share

मनुवादी विचारधारा को मानने वाली ताकतें संविधान ख़त्म करना चाहतीं हैं, धोबी समाज अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सपा का साथ दे

बरेली। विजेन्द्र पाल माथुर (फौजी) द्वारा अयोजित स्वजन समाज धोबी समाज सम्मलेन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चिंतामणि ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक हालात में हमारा संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण सब खतरे में है।

उन्होंने कहा कि हमें संविधान विरोधी ताकतों को सत्ता से बाहर करके इन मनुवादी विचाधारा के लोगों की संविधान विरोधी सोच पर विराम लगाना होगा, तभी हमारा संविधान और संविधान में प्रदत्त पीडीए समाज के अधिकार सुरक्षित हो पाएंगे।

चिंतामणि ने बरेली जिले की विधानसभा फरीदपुर में आयोजित सम्मेलन में कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर ने संविधान सभा के अंतिम भाषण में कहा था कि यह विश्व का सबसे अच्छा संविधान होगा यदि इसे लागू करने वालों की नीयत एवं मन्शा अच्छी होगी।

यदि संविधान लागू करने वालों की मंशा व नीयत अच्छी नहीं है तो यह सबसे ख़राब संविधान साबित होगा। यह संविधान वही लागू कर सकता है जो सरकार में है और जिसके हाथ में सत्ता होगी। जब आपकी अपनी सरकार होगी तब आप संविधान को संविधान की मंशानुरूप लागू कर सकेंगे।

बरेली जिले के फरीदपुर क्षेत्र में आयोजित स्वजन मिलन कार्यक्रम में चिंतामणि ने कहा कि देश में कुछ ताकतें संविधान ख़त्म करना चाहतीं हैं, उन्हें ये मालूम है कि संविधान में ही दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के अधिकार निहित हैं, इन मनुवादी ताकतों का यह मानना है कि अगर संविधान ख़त्म हो जाय तो इन वर्गों के अधिकार स्वत: समाप्त हो जायेंगे।

चिंतामणि ने कहा कि ये सरकार तो महिला विरोधी भी है, जबकि महिलाओं को सारे अधिकार संविधान से मिले हैं और ये सरकार महिलाओं को मिले संविधान प्रदत्त अधिकार भी ख़त्म करना चाहती है। यही वजह है कि ये दल संविधान ख़त्म करने की लगातार साजिश कर रहा है। पीडीए और महिलाओं को भाजपा सरकार से सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र रहेगा तभी पीडीए समाज यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं के अधिकार और हक़ के साथ धोबी समाज के भी हक़ बचेंगे। ऐसी स्थिति में हमें खासतौर पर पीडीए समाज को संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे समाजवादी पार्टी का साथ देना होगा।

चिंतामणि ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई सड़क से लेकर संसद तक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ही लड़ रहे हैं। उन्होंने इस मौके पर कार्यक्रम में मौजूद धोबी समाज का भी आह्वान किया कि वह अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सपा का साथ दे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *