बुन्देली समाज ने शुरू किया एक दीया बलिदानियों के नाम अभियान

महोबा। बुन्देली समाज के संयोजक तारा पाटकर बुन्देलखंडी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस साल भी दीपावली की पूर्व संध्या पर नरक चतुर्दशी पर आज सायं 5 बजे बुन्देली समाज के लोगों ने हवेली दरवाजा बलिदान स्थल से एक दीया बलिदानियों के नाम अभियान की शुरूआत की। इस मौके पर बुन्देली समाज के लोगों ने आज यानि नरक चतुर्दशी के दिन वीरभूमि पर दीये जलाए।
उन्होंने बताया कि आज 1001 दीये जलाकर वीरभूमि महोबा के उन सभी क्रांतिकारियों को नमन किया गया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। बुंदेली समाज की अगुवाई में आज शाम 5 बजे नगर के संभ्रांत नागरिक, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपने घरों से दीये लाकर बलिदान स्थल में दीपदान करने के लिए इकट्ठे हुए और दीये प्रज्जवलित किये।
तारा पाटकर ने बताया कि दीपदान के बाद सभी ने वीरभूमि पर सभी बलिदानियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा और उनको अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उसके बाद हम सभी लोग पूर्व सैनिकों के साथ सभी बलिदानियों की समाधि पर पहुंचे और उनकी समाधियों पर दीपदान किया और उसके बाद सभी लोगों ने अपने-अपने घरों में दीये जलाए।