लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े सवाल उठाना किसी भी नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार

नई दिल्ली। गांधी जयंती के अवसर पर आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनावी प्रक्रिया और मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को लेकर आयोजित विरोध-प्रदर्शन में लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने चौधरी सुनील सिंह सहित किसानों और प्रदर्शनकारियों को बस में बैठाकर हिरासत में लिया।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े सवाल उठाना किसी भी नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोकदल गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगा।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के दिन जंतर-मंतर से शुरू हुआ यह जेल भरो आंदोलन किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम मतदाताओं की आवाज को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सवाल पूछने और अपने मताधिकार की रक्षा की मांग करने वालों को हिरासत में लेने से उनकी आवाज समाप्त नहीं होगी।
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि INDIA गठबंधन के साथ लोकदल लोकतांत्रिक अधिकारों, किसानों के हितों और मतदाता के सम्मान से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण एवं अहिंसक तरीके से आंदोलन जारी रखने की अपील की।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं। लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर संघर्ष करना सिखाया है। लोकदल उसी रास्ते पर लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगा।” उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि मतदाता के अधिकार, पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक जवाबदेही के सवालों को लेकर है।