कांग्रेस के बयानवीर नेताओं को खुद नहीं पता कि वे क्या बोल रहे हैं : सलाहुद्दीन सिद्दीकी

Share

इन नेताओं के बयानों से तो ऐसा लगता है कि वे कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन नहीं चाहते

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं यूपी के पूर्व राज्य मंत्री सलाहुद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बीच बात चल रही है।

सलाहुद्दीन ने कहा कि अखिलेश यादव जी और राहुल गाँधी जी को मिलकर तय करना है कि कौन सा दल कितनी और किन-किन सीटों पर चुनाव लडेगा, बावजूद इसके कांग्रेस के कुछ नेता जिनका सीट बंटवारे में किसी भी तरह का कोई रोल नहीं है, फिर भी बेवजह के अनर्गल बयान मीडिया में दे रहे हैं। उनके बयानों से तो ऐसा लगता है कि वे कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन नहीं चाहते हैं।

सिद्दीकी ने कहा कि सपा और कांग्रेस के आलाकमानों के बीच क्या बात हो रही है, इसकी उन्हें भनक तक नहीं है, लेकिन फिर भी बेवजह की बयानबाजी करके खुद को कांग्रेस में महत्वपूर्ण नेता साबित करने की झूठी कोशिश में लगे हुए हैं।

सलाहुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि अखिलेश जी और राहुल जी या राहुल जी द्वारा बनायीं गयी कमिटी के बीच दिसंबर के अंत तक सीटों के बंटवारे को लेकर हर हाल में बात हो जाएगी और यह उम्मीद की जानी चाहिए कि दोनों दलों के बीच सीटों का बंटवारा हो जायेगा।

उन्होंने कहा कि नये साल की शुरुआत से दोनों दल मिलकर यानि कि इण्डिया गठबंधन अपना चुनावी अभियान शुरू कर देगा। ऐसी स्थिथि में इन बयानवीर नेताओं को अपनी स्थिति और हैसियत दोनों का ही अंदाजा हो जायेगा। लिहाजा इन बयानवीरों को कम से कम सीट बंटवारे और गठबंधन को लेकर कोई भी बयान देने से बचना चाहिए।

सलाहुद्दीन ने कहा कि यूपी में सपा-कांग्रेस के साथ अन्य कुछ दल भी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और प्रदेश की जनता को विधानसभा चुनाव में योगी राज के जुल्म-ज्यादितियों से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *