कानपुर की बेटी डॉ. नितिशा मल्होत्रा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

Share

लखनऊ में गूँजी नारी शक्ति की हुंकार, डॉ. नितिशा ने अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि कानपुर का गौरव भी पूरे प्रदेश में बढ़ाया

लखनऊ। नवाबों के शहर लखनऊ में आज ‘नारी शक्ति’ का अद्भुत संगम देखने  को मिला। अवसर था प्रदेश की उन महिलाओं को सम्मानित करने का, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा से समाज में एक नई मिसाल पेश की है। इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कानपुर की बेटी डॉ. नितिशा मल्होत्रा ने देश की विख्यात ज्योतिष मार्तंड के रूप में अपने असाधारण योगदान के लिए ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ हासिल कर कानपुर का नाम रोशन किया है।

इस सम्मान से न केवल उन्होंने लखनऊ के भव्य मंच पर अपनी चमक बिखेरी, बल्कि अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि कानपुर का गौरव भी पूरे प्रदेश में बढ़ाया। सम्मान पाकर गौरवान्वित डॉ. नितिशा मल्होत्रा ने भी शिष्टाचार और सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान का सप्रेम सम्मान किया।

डॉ. नितिशा मल्होत्रा का संबोधन मंच से हुंकार भरते हुए कानपुर की इस होनहार बेटी ने कहा कि “आज के दौर में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। चाहे आसमान में फाइटर प्लेन उड़ाना हो, सीमा पर देश की रक्षा करनी हो, या खेल के मैदान में तिरंगा लहराना—नारी हर जगह अग्रणी है। कॉर्पोरेट से लेकर राजनीति तक, नेतृत्व हमारे हाथ में है।

डॉ. नितिशा ने केवल उपलब्धियों पर ही बात नहीं की, बल्कि समाज को आईना दिखाते हुए कहा कि असली सशक्तिकरण अभी बाकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि असली आजादी और सशक्तिकरण तब माना जाएगा जब हर बेटी बिना किसी डर के उच्च शिक्षा प्राप्त कर सके। महिलाओं को हर क्षेत्र में समान काम के लिए समान वेतन मिले। सबसे महत्वपूर्ण, देश के बड़े नीतिगत फैसलों में महिलाओं की बराबरी की हिस्सेदारी हो। लखनऊ का यह ‘नारी शक्ति’ कार्यक्रम न केवल सम्मान का मंच बना, बल्कि इसने समाज को यह संदेश भी दिया कि रूढ़िवादी सोच और भेदभाव को पीछे छोड़कर ही हम एक सशक्त भारत का निर्माण कर सकते हैं। आज डॉ. नितिशा मल्होत्रा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे कानपुर शहर को नाज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *