सामाजिक एकता को बनाए रखने का लिया गया संकल्प

लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को स्व. रामायण राय सोसाइटी ने भूतनाथ इंदिरनागर स्थित राजकीय कालोनी में स्व. रामायण राय पार्क में झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से देश के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया।
समारोह के दौरान पूर्व विधायक शशि शर्मा ने कहा कि देश के मौजूद हालात में सामाजिक एकता जरूरी है। हमें सामाजिक एकता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। सामाजिक एकता से ही सांप्रदायिक सौहार्द स्थापित होगा। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की प्रगति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को बेहतर शिक्षा और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके भविष्य को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश की आजादी के लिए अपना योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।