लखनऊ में चंद्रशेखर बोले- बैलेट पेपर लाओ, EVM हटाओ, ईको गार्डन से आजाद समाज पार्टी के मंडल चेतना जन आंदोलन का आगाज

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने शुक्रवार को लखनऊ के कांशीराम स्मारक ईको गार्डन से मंडल चेतना जन आन्दोलन की शुरुआत की।
ईको गार्डन में उमड़ी कार्यकर्ताओं की भीड़ को संबोधित करते हुए आसपा प्रमुख ने कहा कि हम चाहते हैं कि यूपी विधानसभा का चुनाव बैलेट पेपर के जरिये हो।
उन्होंने कहा कि सरकार इवीएम के जरिये गड़बड़ी कराके चुनाव जीत रही है, जब सभी विपक्षी दल इवीएम हटाने की मांग कर रहे हैं तो सरकार को इवीएम हटाकर बैलेट पेपर से मतदान कराने में क्या परेशानी है।
उन्होंने कहा कि इवीएम के खिलाफ उनकी पार्टी के ये आन्दोलन जारी रहेगा, जरूरत पड़ने पर इस आन्दोलन को और प्रभावी बनाया जायेगा ताकि सरकार हमारी इस मांग को मानने के लिए विवश हो।

आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मुख्य अतिथि के रूप में ईको गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने सामाजिक न्याय, आरक्षण और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मंडल आयोग की सिफारिशों से वंचित, पिछड़े और दलित वर्गों को अधिकार मिले और इन्हें कमजोर करने के किसी भी प्रयास का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाएगा।