गांवों के सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों के मानदेय भुगतान में विलंब से डिप्टी सीएम दुखी  

Share

विधान मण्डल के सत्र के बाद सम्बंधित विभागों की बैठक बुलाकर करवाएंगे समस्याओं का निदान : ब्रजेश पाठक

लखनऊ। प्रदेश के उप  मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्य के ग्रामीण अंचलों में स्थित सरकारी सामुदायिक शौचालयों की सफाई, संचालन व प्रबंधन करने वाली केयरटेकरों के मानदेय के भुगतान में विलंब को लेकर चिंता व्यक्त की।

रवीन्द्रालय में जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने आश्वस्त किया कि संगठन की ओर से दिये गये मांगपत्र का वह तत्काल संज्ञान ले रहे हैं और विधान मण्डल के आगामी तीन अगस्त से शुरु होने वाले मानसून सत्र के तुरंत बाद सम्बंधित विभागों के अधिकारियों की बडी बैठक बुलाकर इन समस्याओं का स्थायी समाधान करवाने का पूरा प्रयास करेंगे।

राष्ट्रीय सफाई मजदूर दिवस के अवसर पर इस महासम्मेलन का आयोजन उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य और बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर महासभा के अध्यक्ष डाक्टर लालजी प्रसाद निर्मल के संयोजन में हुआ। महासम्मेलन में बसों में भरकर प्रदेश के लगभग हर जिले से केयरटेक आए थे जिनमें महिलाओं की संख्या सर्वाधिक रही। पूरा रवीन्द्रालय सभागार ऊपर से नीचे तक खचाखच भरा हुआ था। जमीन पर भी महिला केयर टेकर अपने बच्चों के साथ बडी तादाद में बैठीं नजर आयीं।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खुद स्वीकार किया कि एक तो इन केयरटेकरों का मानदेय मात्र छह हजार रुपये वैसे ही बहुत कम है और परिवार की जीविका चलाने के लिए नाकाफी है और उसमें भी ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, खण्ड विकास अधिकारी, महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा मानदेय का भुगतान में देरी करना अमानवीय है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि वह प्रयास करेंगे कि मानदेय की राशि बढे और यह पूरी राशि स्वयं केयरटेकर के अपने बैंक खाते में सीधे स्थानांतरित की जाए।

विधान परिषद सदस्य और महासम्मेलन के संयोजक डाक्टर लालजी प्रसाद निर्मल ने सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए राष्ट्रीय सफाई मजदूर दिवस के अवसर पर आज ही के दिन वर्ष 1957 में पुरानी दिल्ली के पहाडगंज इलाके में हुए सफाई कर्मियों के आन्दोलन में मारे गये शहीद भूप सिंह को श्रदांजलि अर्पित की।

उन्होंने यह आरोप लगाया कि उपरोक्त आन्दोलन को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के इशारे पर दमनपूर्वक दबाया गया और गोली चलवायी गयी थी। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों की सफाई करने वाले केयरेटेकरों जिनमें अधिसंख्य महिला ही हैं के मानदेय भुगतान के उल्लेख कर बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर यह आदेश पंचायती राज विभाग द्वारा जारी किया गया था कि केयर टेकर का मानदेय का समय से भुगतान किया जाए किंतु मानदेय के आहरण में कई स्तर होने के कारण मानदेय भुगतान में विलंब हो रहा है इसलिए मानदेय का भुगतान सीधे उनके खाते में किया जाना होगा ।

जब डिप्टी सीएम रवीन्द्रालय के फर्श पर बैठे

महासम्मेलन में अपने सम्बोधन के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक जब मंच से उतरे तो वह अचानक इन केयरटेकर महिलाओं के बीच चले गये और जमीन पर खुद बैठकर उनके साथ चित्र खिंचवाए। यह दृश्य देखकर यह महलाएं भावुक हो गयीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *