महिला आरक्षण तत्काल लागू करने की मांग को लेकर अपना दल कमेरावादी का जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन

Share

डॉ. पल्लवी पटेल जंतर मंतर पहुंची, महिला आरक्षण और उसमें एससी एसटी ओबीसी का हिस्सा मांगा

नई दिल्ली। अपना दल कमेरावादी के द्वारा शनिवार को जंतर मंतर पर उत्तर प्रदेश की सिराथू विधानसभा से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जिसके माध्यम से देशभर की वर्तमान लोकसभा एवं विधानसभा सीटों में 33% सीटों पर महिला आरक्षण तत्काल लागू करने, महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की सीटों का निर्धारण कर घोषित एवं लागू करने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियो ने कहा कि परिसीमन अथवा जनगणना की आड़ में महिला आरक्षण विलंबित न किया जाए बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में तत्काल प्रक्रिया शुरू की जाए।

पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को मध्यान्ह लगभग 12:00 बजे से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए कार्यकर्ताओं ने “महिला आरक्षण तत्काल लागू करो”, “एससी एसटी ओबीसी महिलाओं का हिस्सा निर्धारण व घोषित करो” “आधी आबादी, पूरा हक”, “महिलाओं ने ठाना है, सामाजिक न्याय लाना है” आदि नारे लगाते हुए जोरदार धरना प्रदर्शन किया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता व सिराथू विधायक डॉ पल्लवी पटेल ने कहा कि देश की राजनीति में बहुत ही लंबे समय से महिला आरक्षण के मुद्दे को महज दिखावा का मुद्दा बना कर रखा गया है। विशेषकर भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार, जो वर्ष 2014 से शासन कर रही है, जिसने इन 12 वर्षों में कई विधेयक और कानून बनाए, लेकिन जब महिला आरक्षण की बात आती है तो उसे लागू करने में भारतीय जनता पार्टी की मानसिकता सामने आ जाती है। भाजपा के रणनीतिकार इस महिला बिल को किसी भी तरह रोकने के लिए अलग-अलग तरकीब लगाने लगते हैं।

इस बार महिला बिल को परिसीमन से जोड़कर संसद के सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद लागू करने का आश्वासन देकर बहुत ही गलत नीयत से एक विधेयक सदन के पटल पर लाया गया, जिसका असली काम संसद की सीटों की संख्या बढ़ाना था, उसे महिला आरक्षण बिल बताकर पूरे देश की आधी आबादी को भ्रमित किया गया और धोखा देने का कार्य किया गया। जबकि वर्ष 2023 में ही सर्वसम्मति से महिला आरक्षण बिल पारित हो चुका है, इसके बावजूद इसे लागू करने की दिशा में वर्तमान मोदी सरकार के द्वारा कोई भी पहल और नोटिफिकेशन नहीं किया गया। अब यह स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी महिला विरोधी है।

डॉ. पटेल ने कहा कि देश के विकास में आधी आबादी का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए सामाजिक न्याय की कसौटी पर सभी वर्ग की महिलाओं को प्रतिनिधित्व देते हुए तत्काल महिला आरक्षण लागू किया जाना चाहिए। साथ ही इस विषय पर भाजपा सरकार द्वारा महिला आरक्षण भी न देने और उसका दोषरोपण विपक्ष के ऊपर करने की अपनी कारिस्तानियों से बाज आना चाहिए, क्योंकि अब इस देश की महिलाएं समझ चुकी है कि उन्हें संघर्ष करके अपना अधिकार हासिल करना है। यदि तत्काल आगामी चुनाव में ही सभी वर्ग के महिलाओं को प्रतिनिधित्व देते हुए महिला आरक्षण लागू नहीं किया गया तो हम आंदोलन तेज करेंगे। क्योंकि अब महिलाएं इस धोखे को पूरी तरह से समझ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *