अखिलेश जी के दबाव में भाजपा ने बनाये पीडीए समाज के मंत्री : सलाहउद्दीन सिद्दीकी

Share

दलित व पिछड़ा वर्ग के कुछ लोगों को मंत्री बना देने से इन वर्गों को नहीं होने वाला कोई लाभ

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं यूपी के पूर्व राज्यमंत्री सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा प्रमुख अखिलेश यादव जी के नेतृत्व में पीडीए समाज मजबूत हो रहा है। जिसकी वजह से भाजपा में घबराहट बढऩे लगी है।

संविधान और पीडीए समाज का विरोध करने वाली भाजपा को अखिलेश जी के दबाव में पीडीए समाज को साधने के लिए अपने मंत्रिमंडल विस्तार में दलित और पिछड़ा वर्ग के लोगों को तरजीह देनी पड़ी।

राज्य का पीडीए समाज दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक इस बात को अच्छी तरह से समझ रहा है कि यूपी में अगले छह माह बाद चुनाव होने हैं, ऐसे में भाजपा ने न चाहते हुए भी पीडीए समाज को मंत्रिमंडल में तरजीह दी है।

सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि राज्य में दलित व पिछड़ा वर्ग के कुछ लोगों को मंत्री बना देने से इन वर्गों को कोई लाभ नहीं होने वाला है, ये बात दलित और पिछड़ा समाज भी अच्छी तरह से समझने लगा है।

क्योंकि यूपी और केन्द्र में जबसे भाजपा की सरकार बनी है, तबसे लगातार इन वर्गों का सरकारी नौकरियों, शिक्षा में आरक्षण खत्म किया जा रहा है।

इन वर्गों को आरक्षण न मिल सके, ये सुनिश्चित करने के लिए ही भाजपा सभी सरकारी विभागों में आउटसोर्स के जरिए लोगों को नौकरी दे रही है। यह बात सबको मालूम है कि आउटसोर्स के जरिए होने वाली भर्ती में किसी भी तरह का कोई आरक्षण नहीं है और न ही सरकार ने इस व्यवस्था के तहत भर्ती प्रक्रिया में दलितों व पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू की है।

भाजपा सरकार की मंशा तो संविधान खत्म करने की है

सपा नेता का कहना है कि इसी तरह से केन्द्र सरकार लेटरल एंट्री के जरिए उच्च पदों पर सवर्णों को बिना किसी परीक्षा के चयनित कर रही है। इस सरकार की मंशा तो संविधान खत्म करने की है, क्योंकि संविधान में ही दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के अधिकार निहित हैं। संविधान खत्म होते ही इन वर्गों के अधिकार भी स्वत: खत्म हो जाएंगे और भाजपा एक बार फिर आजादी से पहले की देश में गैर बराबरी वाली सामाजिक व्यवस्था स्थापित कर देगी। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा नेताओं ने खुलकर कहा था कि चार सौ से अधिक सीट आने पर हम अम्बेडकर के संविधान को खत्म कर देंगे।

दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को एकजुट करने के लिए ही सपा प्रमुख ने पीडीए समाज का गठन किया

सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि संविधान विरोधी ताकतों के खिलाफ दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को एकजुट करने के लिए ही सपा प्रमुख ने पीडीए समाज का गठन किया है। बूथ स्तर तक पीडीए समाज स्थापित हो रहा है। हर बूथ पर सपा के झंडे के नीचे दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक एकत्र हो रहा है। पीडीए समाज अपने ऊपर हो रहे अन्याय और अत्याचार का बदला अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा के पक्ष में एकजुट होकर अपने वोट के जरिए भाजपा को हराकर लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *