प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 5 करोड़ अंडों की खपत, प्रोटीन के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण यह मांग और बढ़ेगी : मुकेश कुमार मेश्राम
लखनऊ। लखनऊ के 1090 चौराहे के निकट गोमती रिवर फ्रंट चौपाटी पर 4, 5 और 6 अप्रैल तक आयोजित हो रहे भारत पोल्ट्री एक्सपो 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में प्रदेश और देश भर से पोल्ट्री उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, उद्यमी और किसान बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। एक्सपो में विभिन्न नामी कंपनियों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नई तकनीकों और आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी जा रही है, जिससे किसानों और उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर मुख्य सचिव, पशुधन उत्तर प्रदेश मुकेश कुमार मेश्राम (IAS) को सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल राज्य में इस तरह के आयोजनों की विभिन्न क्षेत्रों में श्रृंखला आयोजित की जानी चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 5 करोड़ अंडों की खपत है और आने वाले समय में प्रोटीन के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण यह मांग और बढ़ेगी। उन्होंने पोल्ट्री सेक्टर को 2030 और 2047 के विकास लक्ष्यों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए युवाओं और महिलाओं को इस क्षेत्र से जोड़ने तथा नई तकनीकों को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही “गर्मी में अंडा नुकसान करता है” जैसे मिथकों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से तोड़ने की आवश्यकता बताई। पोल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया के जॉइंट सेक्रेटरी रिकी थापर ने पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए बायोगैस और सोलर प्लांट अपनाने की अपील की और कहा कि उत्तर प्रदेश का पोल्ट्री सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसका लाभ सभी को उठाना चाहिए। वहीं डॉ. पंकज शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश जल्द ही पोल्ट्री उत्पादन में अग्रणी राज्य बनेगा और देश में कुपोषण की समस्या को दूर करने में यह क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एक्सपो में बड़ी संख्या में लोग नई तकनीकों को जानने और व्यवसायिक संभावनाओं को समझने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे यह आयोजन पोल्ट्री उद्योग के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
मंच पर आयोजक बी. वी. शिवशंकर, डॉ. मनोज शुक्ला (प्रेसिडेंट, पीपल फॉर पोल्ट्री), डॉ. पी. के. शुक्ला (डीन, मथुरा यूनिवर्सिटी), डॉ. ए. यू. किदवई, डॉ. शरद सिंह (प्रेसिडेंट, UPBBIA), मिस्टर रिकी थापर (जॉइंट सेक्रेटरी, पोल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया), मिस्टर सेल्वम कन्नन, मिस्टर अली अकबर, वी. पी. सिंह (प्रेसिडेंट, कुक्कुट विकास समिति), एफ. एम. शेख, डॉ. महेश गुप्ता (VHPL) तथा डॉ. त्रिपाठी (डिप्टी डायरेक्टर, पशुपालन) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे और अपने विचार साझा किए।