लखनऊ में 10 और 11 अप्रैल को होगा फार्मासिस्टों का महाकुंभ

Share

डीपीआरए प्रांतीय अधिवेशन : महानिदेशालय ने जारी किया दो दिवसीय विशेष अवकाश का आदेश

लखनऊ। डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के आगामी प्रांतीय अधिवेशन और निर्वाचन को लेकर महानिदेशालय ने एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अधिवेशन में प्रदेश भर के फार्मासिस्टों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए द्वारा 10 और 11 अप्रैल 2026 का दो दिवसीय ‘विशेष अवकाश’ आधिकारिक रूप से स्वीकृत कर दिया गया है। एसोसिएशन के जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने महानिदेशालय द्वारा जारी पत्र का हवाला देते हुए बताया कि इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यरत फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों को अधिवेशन में प्रतिभाग करने के लिए 10 और 11 अप्रैल का विशेष अवकाश प्रदान किया गया है। इस आदेश के बाद संगठन के सदस्यों में भारी उत्साह है।

प्रांतीय अधिवेशन के कार्यक्रम की रूपरेखा

संगठन के संविधान के अनुरूप इस निर्वाचन और अधिवेशन की आधिकारिक घोषणा प्रांतीय अध्यक्ष जेके सचान और महामंत्री प्रद्युम्न सिंह द्वारा पहले ही की जा चुकी है। कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है, 11 अप्रैल को प्रात: 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक कार्यक्रम होटल हिन्द पैलेस, निकट आम्रपाली चौराहा, इंदिरा नगर, लखनऊ में होगा।

प्रमुख एजेंडा : नई प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनाव, फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों की लंबित मांगें, पदोन्नति की बाधाएं और शासन के साथ भविष्य के संवाद की रणनीति पर चर्चा होगी। जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने कहा, ‘यह अधिवेशन हमारे संवर्ग की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए एक निर्णायक मंच साबित होगा। महानिदेशालय द्वारा विशेष अवकाश की स्वीकृति ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि प्रदेश के कोने-कोने से हमारे साथी निर्बाध रूप से इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे। ‘

उन्होंने कहा कि लखनऊ जिला इकाई सभी आगंतुक साथियों के भव्य स्वागत और सफल चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इस अधिवेशन के माध्यम से चुनी गई नई कार्यकारिणी आगामी कार्यकाल में फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों के मान-सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए शासन के साथ पुरजोर पैरवी करेगी। जिला मंत्री ने प्रदेश के समस्त जनपदों के पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की है कि वे इस संवैधानिक अवसर का लाभ उठाएं और भारी संख्या में लखनऊ पहुंचकर अपनी एकता का परिचय दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *