सपा का पीडीए प्रेम छलावा, बसपा ही बहुजनों की असली पार्टी  : मायावती

Share

विरोधी  पार्टियों के छलावा व दिखावा से सावधान रहे बहुजन समाज 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की 92वीं जयंती पर बसपा प्रमुख मायावती ने श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि भाजपा और कांग्रेस की तरह समाजवादी पार्टी भी बहुजन समाज की हितकारी नहीं है। इन दलों से बहुजन समाज के हित व कल्याण की आशा करना रेगिस्तान में पानी तलाशने जैसा है। इन पार्टियों के छलावा व दिखावा से सावधान रहना जरूरी है।

बसपा प्रमुख ने मॉल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आह्वान किया कि बहुजन समाज के लोग बसपा मूवमेंट से जुड़कर मिशनरी अंबेडकरवादी बनें। अपने वोटों की शक्ति से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करें। बसपा ही डॉ. अंबेडकर के नक्शे-कदम पर चलने वाली ’असली पार्टी’ है। सपा व अन्य विरोधी दलों की कथनी व करनी में बड़ा अंतर है। सांसदी और विधायकी आदि का प्रलोभन देकर बहुजन समाज के वोट की शक्ति को कमजोर करने वाले इन दलों के साथ निजी लाभ व स्वार्थ के लिए पार्टी व मूवमेंट से दगा करने वालों से भी दूरी रखनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि यूपी में विधानसभा के चुनाव करीब हैं, यही वजह है कि समाजवादी पार्टी को दलितों की याद आने लगी है, सपा से ज्यादा दूसरी कोई भी पार्टी इतनी ज्यादा दलित विरोधी नहीं है बहुजन समाज के लोगों को सपा से सावधान रहने की जरूरत है।

बसपा प्रमुख ने मॉल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कहा मुस्लिम और ब्राह्मण सपा से हो रहे दूर

मायावती ने कहा कि दलितों, अन्य पिछड़ों व मुस्लिम समाज आदि का शोषण करने वाली पार्टियों में से खासकर सपा का पीडीए प्रेम छलावा है। इनको इन वर्गों व इनके महापुरुषों की याद केवल चुनाव के समय में ही आती है। सरकार बन जाने के बाद वह भी दूसरी पार्टियों की इन वर्गों का तिरस्कार कर देती है। यह कोई आरोप नहीं, बल्कि इन पार्टियों का इतिहास है। मुस्लिम समाज का इन पार्टियों से अलग होना तथा ब्राह्मण समाज के भी बसपा से जुड़ने से सपा का राजनीतिक व जातिवादी बैर बढ़ता जा रहा है।

केंद्र सरकार भारत रत्न देने में न करे देरी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तरह वर्तमान भाजपा सरकार भी कांशीराम को भारत रत्न से सम्मानित करने में और देरी ना करे। समतामूलक समाज तैयार करने में कांशीराम का योगदान ऐतिहासिक है। इसी वजह से वह लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने बहुजन समाज को बसपा के बैनर तले एकजुट करके राजनीतिक शक्ति बनाई और यूपी जैसे महत्वपूर्ण राज्य में मुझे मुख्यमंत्री बनाया।

लखनऊ और नोएडा में आयोजन

मायावती के निर्देश पर राजधानी के कांशीराम स्मारक स्थल पर प्रदेश के 12 मंडलों और नोएडा में छह मंडलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लगा। राजधानी में आयोजित कार्यक्रम को बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल समेत कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इसके अलावा आठ अन्य राज्यों में भी पार्टी ने कांशीराम जयंती पर बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया। पार्टी के केंद्रीय संयोजक आकाश आनंद ने राजस्थान के भरतपुर में जनसभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *