सभी त्योहार हमें आपस में जोड़ते हैं : अखिलेश यादव

Share

सलाहउद्दीन सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में शामिल हुए सपा प्रमुख

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा नेता सलाहउद्दीन सिद्दीकी द्वारा आयोजित रोजा-इफ्तार पार्टी में शिरकत की। मोतीमहल लॉन में आयोजित इस इफ्तार पार्टी में अखिलेश ने कहा कि त्योहार हमें जोड़ते हैं। हम ईद और होली में एक-दूसरे से गले मिलते हैं। ताकि आपसी भाईचारा, समन्वय और सामाजिक सौहार्द बना रहे। लेकिन मौजूदा समय में देश व यूपी की सरकार सामाजिक सौहार्द नहीं चाहती। वह चाहती है कि कैसे हिन्दू-मुस्लिम आपस में लड़ते रहें।

सरकार हिन्दू-मुस्लिम के नाम पर समाज में वैमन्सयता पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि देश में रह रहे हिन्दू-मुस्लिम गंगा-जमुनी तहजीब को मानते हैं और आपसी भाईचारा को स्थापित करने में अपना महती योगदान दे रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि सलाहउद्दीन सिद्दीकी की इफ्तार पार्टी में ही देख लीजिए मुस्लिम से ज्यादा हिन्दू भाई शामिल हैं। देश में कौमी एकता की इस संस्कृति को न तो कोई दल और कोई सरकार मिटा सकती है। हमें मिलकर सांप्रदायिकता का मुकाबला करना होगा और वोट के जरिए सांप्रदायिक ताकतों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। अंत में उन्होंने सलाहउद्दीन सिद्दीकी का आभार जताते हुए कहा कि आपने हमें इस इफ्तार पार्टी के जरिए अच्छे लोगों से मिलवाया। इस मौके पर सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष एवं पूर्व आईएएस कुंवर फतेह बहादुर ने कहा कि संविधान बचाने की लड़ाई अखिलेश जी लड़ रहे हैं। हमें इस नेक काम में अखिलेश जी का साथ देना होगा। इफ्तार पार्टी में तमाम सम्मानित मौलाना व अन्य लोगों ने भी शिरकत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *