सदर बाजार में 1500 केएल क्षमता भूमिगत जलाशय  का शिलान्यास

Share

आपात परिस्थितियों में भी रहेगी पेयजल की उपलब्धता

लखनऊ । लखनऊ छावनी के सदर बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत 1500 केएल क्षमता वाले भूमिगत जलाशय (Underground Reservoir – UGR) के निर्माण कार्य का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया  कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में नीरज सिंह  चेयरमैन, FICCI (CMSME), उत्तर प्रदेश तथा आनंद द्विवेदी महानगर अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक  ने कहा कि छावनी परिषद, लखनऊ द्वारा प्रस्तावित यह परियोजना सदर बाजार जैसे घनी आबादी वाले वाणिज्यिक एवं आवासीय क्षेत्र में बढ़ती जल मांग को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। 1500 केएल क्षमता का यह भूमिगत जलाशय एक महत्वपूर्ण भंडारण एवं संतुलन सुविधा के रूप में कार्य करेगा, जिससे पीक डिमांड अवधि एवं आपात परिस्थितियों में भी पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि यह परियोजना लगभग 35,000 नागरिकों को प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित करेगी तथा सदर बाजार क्षेत्र में निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने में सहायक सिद्ध होगी।

FICCI (CMSME) के चेयरमैन नीरज सिंह ने कहा कि छावनी परिषद, लखनऊ द्वारा केवल 1500 केएल क्षमता के भूमिगत जलाशय (UGR) जैसी परियोजना ही नहीं, बल्कि नागरिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाएँ प्रस्तावित की गई हैं। उन्होंने बताया कि जल वितरण प्रणाली को सुदृढ़ करने हेतु पुरानी पाइपलाइनों के प्रतिस्थापन, सदर बाजार क्षेत्र में मल्टी लेवल रोबोटिक कार पार्किंग एवं व्यावसायिक परिसर, पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण ट्यूबवेलों के स्थान पर नए ट्यूबवेलों का निर्माण तथा सदर बाजार में 950 केएल क्षमता के दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण, जैसी परियोजनाएँ छावनी क्षेत्र के सुव्यवस्थित एवं आधुनिक विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होंगी।

 

इस अवसर पर छावनी परिषद, लखनऊ के मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक राठौर ने बताया कि  रक्षा मंत्री, भारत सरकार राजनाथ सिंह के मार्गदर्शन में यह परियोजना रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अनुमोदित की गई है तथा इसका क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा किया जा रहा है।  कार्यक्रम के अंत में, छावनी परिषद, लखनऊ के नामित सदस्य प्रमोद शर्मा ने छावनी परिषद की ओर से समस्त अतिथियों को धन्यवाद प्रेषित कर कृतज्ञता प्रकट की तथा कहा कि छावनी परिषद नागरिक अवसंरचना को सुदृढ़ करने हेतु निरंतर कार्य करता रहेगा।  कार्यक्रम के दौरान छावनी परिषद, लखनऊ के उप मुख्य अधिशासी अधिकारी आर. पी. सिंह, छावनी परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सदस्यगण, व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, गुरुद्वारा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण, छावनी क्षेत्र के अन्य गणमान्य नागरिक तथा छावनी परिषद, लखनऊ के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *