महाराजा बिजली पासी की जयंती पर
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने दलित समाज के महापुरुषों के सम्मान में रैलियों का आयोजन करना शुरू कर दिया है। पार्टी प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद का पूरा फोकस इनदिनों पूरी तरह से उत्तर प्रदेश पर है। यहां विधानसभा चुनाव एक साल बाद होना है। यही वजह है कि यूपी में वह छोटे-छोटे कार्यक्रमों में भी शिरकत कर रहे हैं। 29 दिसंबर को हरदोई के बिलग्राम में आयोजित बहुजन संकल्प रैली में चन्द्रशेखर आजाद आ रहे हैं। पार्टी ने यहां महाराजा बिजली पासी की जयंती के मौके पर दलित एकता पर एक कार्यक्रम का आयोजन रखा है।

पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अमित गौतम के मुताबिक चन्द्रशेखर बिलग्राम में आयोजित बहुजन संकल्प रैली में शिरकत लेंगे, इसके बाद वे वापस चले जाएंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी का गठन बहुजन नायक कांशीराम जी के सिद्धांतों पर चलकर उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए किया गया है। कांशीराम जी की जयंती के मौके पर पार्टी लखनऊ में 15 मार्च को एक बड़ी रैली का आयोजन करने जा रही है। माना जा रहा है कि असपा बहुजन नायक की जयंती के मौके पर यूपी में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करेगी।