वे टू सक्सेज फाउंडेशन ने पूर्व पार्षद पंकज पटेल के साथ मिलकर शुरू किया अभियान
लखनऊ। एसआईआर को लेकर लोगों में भ्रम और डर को ध्यान में रखकर वे टू सक्सेज फाउंडेशन ने अपना अभियान तेज कर दिया है। इस संस्था के अध्यक्ष मो. शफीक सलमानी का कहना है कि सबसे बड़ी परेशानी तो अकबरनगर इलाके से शिफ्ट हुई आबादी है। यहां से दस हजार लोग बसंतकुंज क्षेत्र में शिफ्ट हुए हैं। अब यहां रह रहे लोगों के पास जो आधार कार्ड या अन्य कागजात जो एसआईआर में लगने जरूरी हैं, उनपर अकबरनगर का पता लिखा है और अब अकबरनगर मोहल्ला राजधानी लखनऊ के नक्शे से विलुप्त हो चुका है। ऐसी स्थिति में इस क्षेत्र में रह रहे लोगों का एसआईआर नहीं हो पा रहा है।

क्षेत्र के लोगों का एसआईआर हो सके, इसके लिए शफीक सलमानी ने क्षेत्र के सभासद कमलेश कुमारी देवी और पूर्व पार्षद पंकज पटेल के सहयोग से क्षेत्र में एक कैंप लगवाने का निर्णय लिया है। इस कैंप में बसंतकुंज इलाके में रह रहे लोगों का आधार अपडेट कराया जाएगा। ताकि आधार में मूल पता सही किये जाने के बाद यहां के निवासी अपने अन्य कागजात में आधार कार्ड में अपडेट हुए पते के आधार पर अन्य कागजात में भी अपना पता अपडेट करा सकें। आधार में पता अपडेट होने के बाद बसंतकुंज क्षेत्र के निवासियों का एसआईआर होने के साथ ही इन लोगों का बसंतकुंज क्षेत्र से ही नया वोटर कार्ड भी बन जाएगा। जिससे इस क्षेत्र के लोग भी चुनावों में अपने वोट का प्रयोग कर सकेंगे।