पीएम के संकल्प को पूरा करने के लिए विदेशों में पढ़ रहे अपने बच्चों को भाजपा नेता तुरंत वापस बुलाएं
नई दिल्ली। दलित, ओबीसी, माइनारिटीज, आदिवासी संगठनों का परिसंघ के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. उदितराज का कहना है कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कह रहे हैं कि 2035 तक वे मैकालेवाद से देश को मुक्त करा देंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि मैकाले का सबसे बड़ा योगदान अंग्रेजी माध्यम से भारत में शिक्षा लागू करना है। आज से ही बीजेपी और आरएसएस के लोग अपने परिवार के बच्चों को संस्कृत या हिंदी मीडियम से पढ़ाना शुरू करा दें और विदेश में जिन भाजपा के नेताओं के बच्चे पढऩे गए हैं उन्हें तुरंत वापस बुलाकर वैदिक शिक्षा देना शुरू करें। क्योंकि मैकालेवाद तभी समाप्त होगा, जब देश से अंग्रेजी की शिक्षा समाप्त होगी।

डॉ. उदितराज ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि पीएम मोदी के समर्थकों को चाहिए कि मैकालेवाद का अंत करने के लिए वे अभी से अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों से निकालकर हिन्दी माध्यम के स्कूलों में उनका दाखिला करा दें। तभी सही मायने में उन्हें मोदी जी का समर्थक माना जाएगा। साथ ही जिन भाजपा नेताओं के बच्चे विदेशों में पढ़ रहे हैं, प्रधानमंत्री जी उन्हें तत्काल वहां से वापस बुलाने का आदेश जारी करें, तभी उनका मैकालेवाद समाप्त करने का अभियान वर्ष 2035 तक सफल हो पाएगा।
देश को मैकालेवाद से छुटकारा दिलाने के लिए भाजपा के लोग अपने बच्चों को हिंदी माध्यम से पढ़ाएं
साथ ही देश में अंग्रेजी माध्यम के पब्लिक स्कूल से भी भाजपा-आरएसएस के लोग अपने बच्चों को निकालकर हिंदी या संस्कृत माध्यम के स्कूलों में उनका दाखिला करा दें। इसके बाद अंग्रेजी के सारे पब्लिक स्कूल और संस्थाएं इनसे खाली हो जाएंगी तो उनके स्थान पर दलित, पिछड़े और आदिवासी के बच्चे पढ़ेंगे। मोदी जी जल्दी अपने लोगों को मैकाले की नीति से मुक्त करा दें, हम आपके आभारी होंगे।