प्रोफेसर डॉ. एससी चौधरी ने बताया कार्यक्रम का मकसद मानव सेवा के लिए उत्कृष्ट कार्य कर रहे डॉक्टर्स को सम्मानित करना

लखनऊ। फिजीशियंस डे के अवसर पर केजीएमयू के मेडिसिन विभाग द्वारा एपीआई-यूपी चैप्टर एवं लखनऊ चैप्टर के सहयोग से अकादमिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रति विशिष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ फिजीशियनों को सम्मानित करना था। केजीएमयू में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. एससी चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम का मकसद मानव सेवा के लिए उत्कृष्टï कार्य कर रहे डॉक्टर्स को सम्मानित करना है।

इस अवसर पर रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. राजेन्द्र प्रसाद ने चेस्ट रेडियोग्राफी विषय पर एक व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा एवं शिक्षण क्षेत्र में आजीवन समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तीन वरिष्ठ चिकित्सकों प्रो. एम.के. मित्रा, प्रो. राजेन्द्र प्रसाद एवं प्रो. वीरेन्द्र आतम को सम्मानित किया गया। समारोह में एपीआई यूपी चैप्टर के बोर्ड सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रो. संजय टंडन (चेयरमैन), प्रो. एस.सी. चौधरी (सचिव), प्रो. काउसर उस्मान (पूर्व चेयरमैन) और प्रो. के.के. सावलानी (पूर्व चेयरमैन) शामिल थे।