आजमगढ़ जिले के बोगरिया बाज़ार में मनाया गया जयंती समारोह
आजमगढ़। आजमगढ़ जिले के बोगरिया बाज़ार, विधानसभा मेहनगर क्षेत्र में डॉ. तिलकधारी की अध्यक्षता में संत शिरोमणि रविदास जी की जयंती का कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ। गुरु रविदास महाराज जी की जयंती के इस समारोह में मुख्य अतिथि अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि पहली जरूरत बहुजन समाज के लोगों को एकजुट होने की है।

अभियान चलाकर जातियों में बंटे दलित व पिछड़ा वर्ग के लोगों को एकजुट करें
अनिरुद्ध ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने भी सामाजिक एकता और पाखंड के खिलाफ अभियान चलाया। आज जरूरत इस बात की है कि हम अभियान चलाकर जातियों में बंटे दलित व पिछड़ा वर्ग के लोगों को एकजुट करें। अनिरुद्ध ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज जी का जीवन संघर्ष, साधना और सामाजिक चेतना का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि गुरु रविदास जी ने कठिन परिस्थितियों में रहते हुए भी भेदभाव, ऊँच-नीच और अन्याय के विरुद्ध अपनी आवाज़ बुलंद की तथा अपने विचारों और वाणी के माध्यम से समता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया।

अनिरुद्ध यूपी के पूर्व प्रमुख सचिव गृह कुंवर फतेह बहादुर के पुत्र हैं। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ इन्होंने अपने इस अभियान की आजमगढ़ जिले से की है। संत रविदास जयंती के मौके पर मेहनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में अनिरुद्ध ने सामाजिक कार्य करने वाले लोगों को कार्यक्रम में सम्मानित किया। इस मौके पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि देवचंद्र राम, उप सचिव रिटायर्ड, की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।

अनिरुद्ध सिंह ने युवाओं, किसानों, पिछड़े वर्गों, गरीबों, दलितों, शिक्षित एवं वंचित वर्गों से आह्वान किया कि वे गुरु रविदास जी के विचारों को अपनाकर शिक्षा, एकता और आत्मसम्मान के मार्ग पर आगे बढ़ें तथा समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी के आदर्श आज भी सामाजिक समरसता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर क्षेत्र की समस्त ग्राम पंचायतों के सम्मानित महंतों को अनिरुद्ध सिंह के कर-कमलों द्वारा अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सागर महंत (रघुनाथपुर), गज्जा चौधरी (मौलिया), हरिलाल चौधरी (मानपुर), चौधरी मठिया, बल्लू चौधरी (रायपुर), जगदीश चौधरी (पट्टी), महेश चौधरी (बैजनाथपुर), सरजू चौधरी (मठिया), जीतू चौधरी (कंझारी), सिधारी मिस्त्री (मानपुर), लल्लन यादव (प्रधान, फुलाई), बद्री यादव (पूर्व प्रधान, फुलाईच), राम अवतार यादव (प्रधान, रायपुर पट्टी), शिवानंद यादव (प्रधान, त्रिभुवन), प्रधान (पकडिय़ा रानीपुर), सुनील कुमार (गोपालपुर), राम नवल यादव (प्रधान), श्याम नारायण (प्रधान, मानपुर), सुनील प्रधान (झाऊवा) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।