भाजपा का मकसद शोषणमुक्त समाज की स्थापना करना है : राजेंद्र सिंह चौहान

Share

हमारी पार्टी की यूपी में चल रही सरकार ने यह करके दिखा भी दिया

कमल जयंत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य एवं यूपी मिल्क बोर्ड के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि भाजपा का सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गरीबी मिटाना केवल नारा नहीं है बल्कि उसका संकल्प है और हमारी पार्टी का ये संकल्प हमेशा रहेगा। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण कोई भाषण नहीं, प्रतिबद्धता थी। कश्मीर में 370 की समाप्ति चुनावी जुमला नहीं, राष्ट्रीय एकात्मता का साक्षात संकल्प था। अब से चार दशक पहले बनी भाजपा के लिए अन्त्योदय स्लोगन नहीं, यह गरीबों का जीवन स्तर ऊंचा करने का सपना था, जिसे पार्टी के किसी भी नेतृत्व ने कभी भी देखना नहीं छोड़ा। 1980 से लेकर अब तक भाजपा के सभी नेतृत्वकर्ता इस सपने को पूर्ण करने में सक्रिय रहे हैं। वे उन संकल्पों को साकार करने के लिए दिन-रात अपना श्रेष्ठतम समर्पित करते रहे हैं। वे भावी पीढ़ी को भी इन संकल्पों को साकार करने का सामथ्र्य देते हैं। शोषणमुक्त,समतायुक्त समाज की स्थापना भाजपा का चुनावी मुद्दा नहीं है, यह इसकी मूल दृष्टि है।

 

उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए उसकी मूल भावना का पालन किया है। यही वजह है कि पार्टी ने देश के सभी हिस्सों में जनता का अटूट विश्वास हासिल किया है। यह इस बात का प्रमाण है कि सारे देश ने एक दल की विचारधारा को समादृत किया है और भाजपा के राष्ट्रवादी चिंतन से लोग जुड़ते जा रहे हैं। भारत की अखंडता का प्रश्न हो अथवा समाज को समरस रखने की चुनौती हो, सभी मुद्दों पर भाजपा विगत चार दशक से अबाध रूप से अपना संकल्प सिद्ध करती आ रही है। अपने सिद्धांतों पर चलते हुए पार्टी पैंतालिस साल की यात्रा पूरी कर रही है। इस यात्रा में अनेक बाधाएं व कठिनाइयां भी आयी हैं परन्तु पार्टी अपने सिद्धांतों व आदर्शों पर अडिग रहते हुए आगे बढ़ती रही है।

यूपी में सही मायने में कानून का राज

चौहान का कहना है कि यूपी में सही मायने में कानून का राज है। राज्य में योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में पिछले आठ साल से भाजपा की सरकार है। इस सरकार में अब रात में भी बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने से नहीं डरती हैं। सपा की सरकार में महिलाओं के उत्पीडऩ, उनके साथ दुराचार की घटनाएं आम थीं। सबसे खास बात तो यह है कि दिल को दहला देने वाली इस तरह की शर्मनाक घटनाओं पर दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई तक नहीं की जाती थी। भाजपा ने यूपी को जंगलराज से मुक्त कराया और यहां कानून का राज स्थापित किया। आज किसी की हिम्मत नहीं है कि वह किसी की बहन-बेटी की तरफ बुरी नजर डाल सके। ऐसे तत्वों को मालूम है कि कुछ भी ऐसा किया तो उसे यमराज के दर्शन जरूर होंगे।

उन्होंने कहा कि राज्य की योगी सरकार लगातार सरकारी नौकरियां निकाल रही है। लोगों को राज्य में सरकारी नौकरियों के साथ ही रोजगार के भी अवसर प्रदान हो रहे हैं। देश भर के कई उद्योग घराने यूपी में निवेश कर रहे हैं। इससे यूपी के युवाओं को रोजगार मिलेगा। दरअसल राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति मजबूत होने से अन्य राज्यों ही नहीं बल्कि अन्य देशों से भी उद्योगपतियों ने यूपी की ओर रुख किया है। वह अपना प्रोडक्ट बनाने की फैक्ट्री और कंपनियां यूपी में लगा रहे हैं। इस साल डेढ़ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां निकलने वाली हैं। सैंतीस हजार सिपाही भर्ती के पदों के लिए नौकरियों का विज्ञापन नये साल के पहले दिन ही राज्य सरकार ने जारी किया है। इससे साफ है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश में तब्दील हो रहा है। योगी आदित्यनाथ जी की मेहनत और कुशल नेतृत्व का ही नतीजा है कि आज राज्य में सभी वर्ग और सभी धर्म के लोग भाजपा की नीतियों पर भरोसा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *