संविधान विरोधी भाजपा को दिखाना होगा सत्ता से बाहर का रास्ता : सलाहउद्दीन सिद्दीकी

Share

अम्बेडकर जयंती से सपा शुरू करेगी संविधान बचाओ, अधिकार बचाओ अभियान

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं यूपी के पूर्व राज्यमंत्री सलाहउद्दीन सिद्दीकी का कहना है कि समाजवादी पार्टी बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल से संविधान बचाओ, अधिकार बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि सपा पूरे प्रदेश में सेक्टर स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करके दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित कर इन वर्गों को संविधान के महत्व को समझा रही है।

उनका कहना है कि एक बार फिर संविधान की रक्षा के लिए बहुजनों को एकजुट होकर संविधान विरोधी भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। अगले साल की शुुरुआत में यूपी में विधानसभा के चुनाव होने हैं और केन्द्र की सत्ता का रास्ता यूपी से होकर ही जाता है। ऐसे में संविधान समर्थक ताकतों को इन संंविधान विरोधियों को यूपी की सत्ता से बाहर करना है। ताकि ये केन्द्र में दोबारा काबिज होने का सपना देखना भूल जाएं।

सलाहउद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों को सुरक्षित कर दिया है। अब हमारी जिम्मेदारी बनती है कि वंचितों को संविधान प्रदत्त अधिकार दिलाने के लिए संविधान विरोधी ताकतों को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि यूपी में चुनावी हलचल तेज होने लगी है। संविधान विरोधी शक्तियां भी सक्रिय हो गई हैं। ये वही शक्तियां हैं जो भाजपा के इशारे पर दलितों, पिछड़ा वर्ग के आरक्षण और उनके अधिकारों के खिलाफ अभियान चला रहीं हैं।

भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर

भाजपा खुद तो बहुजनों की, बाबा साहब की और उनके संविधान की बात करती है, लेकिन साथ ही इनकी शह पर बहुजन विरोधी ताकतें संविधान और आरक्षण का विरोध कर रहीं हैं और भाजपा उनके इन आंदोलन को परोक्ष रूप से पूरा सहयोग कर रही है। सपा का पीडीए इन्हीं भाजपा समर्थित संविधान और आरक्षण विरोधी ताकतों के खिलाफ दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को सजग कर रहा है। हमें खुशी इस बात की है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी के अभियान के साथ बहुजन समाज पूरी तरह से जुड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *