मुल्क में अमन-चैन के लिए रोजेदारों ने मांगी दुआ, हुई पीस कमेटी की बैठक

लखनऊ। दरगाह शाहमीना शाह चौक पर मखदूम शाहमीना फाउंडेशन की ओर से रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में रोजेदारों के साथ ही देश में अमन-चैन चाहने वाले और हिन्दू-मुस्लिम एकता के प्रबल समर्थक एकत्र हुए और सभी ने समाज में भाईचारा स्थापित हो, इसकी दुआ मांगी। मखदूम शाहमीना फाउंडेशन के नायब सदर सैयद अतीक अहमद उर्फ रूफी बाबा ने बताया कि शाहमीना शाह बाबा के हजारों मुरीद आज भी उनकी याद में आयोजित कार्यक्रमों में एकत्र होकर देश में अमन स्थापित करने की दुआ करते हैं। इफ्तार पार्टी में भी लोगों ने देश में शांति स्थापित करने और सभी त्योहार खुशनुमा माहौल में मनाये जाएं इसके लिए भी परवर दीगार से दुआ की। इसके अलावा ये फाउंडेशन गरीबों की मदद के लिए भी साल में कई कार्यक्रम आयोजित करता है। फाउंडेशन के नायब सदर सैयद अतीक अहमद उर्फ रूफी बाबा ने बताया कि वह साल में कम से कम पांच लड़कियों के निकाह का निजी तौर पर खर्च उठाते हैं। इसके अलावा दरगाह से जुड़े एक दर्जन से अधिक लावारिस बच्चों का खर्च भी उनकी संस्था वहन करती है। समाज में भाईचारा स्थापित करने के लिए छोटे-छोटे सेमिनार, गोष्ठिïयों का भी आयोजन किया जाता है। ताकि हिन्दू-मुस्लिम के बीच किसी भी तरह की वैमन्सयता न उत्पन्न हो और दोनों मिलकर रहें और एक-दूसरे के दुख-दर्द में शामिल हों। रूफी बाबा ने बताया कि इस रोजा इफ्तार पार्टी का मकसद भी कौमी एकता को कायम रखना है ।

त्योहारों को पारंपरिक तरीके से मनाने की अपील, न शुरू की जाए कोई नई परंपरा : एडीसीपी पश्चिम
इफ्तार के बाद अलविदा और ईद-उल-फितर को लेकर पीस कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में एडीसीपी पश्चिम धनंजय सिंह कुशवाहा और चौक इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय समेत पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। एडीसीपी ने कहा कि त्योहारों को पारंपरिक तरीके से मनाया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। मखदूम शाहमीना फाउंडेशन के नायब सदर सैयद अतीक अहमद उर्फ रूफी बाबा ने बताया कि अलविदा की नमाज पहले की तरह ही अदा की जाएगी और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नमाज मस्जिदों में ही अदा करें और सड़कों पर नमाज न पढ़ें, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। फाउंडेशन के संस्थापक शाकिर अली मीनाई ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ अलविदा और ईद-उल-फितर का त्योहार मनाएं। इस मौके पर मौलाना वासिफ, पूर्व सभापति नगर निगम रजनीश गुप्ता, पार्षद राहुल मिश्रा, सपा नेता नावेद, मो. शाद, सालिम खान, अतहर अली,कासिम, सिराज अहमद, समेत भारी संख्या में रोजेदार मौजूद रहे।