बसपा की कल की बैठक में तय होगी चुनावी रणनीति

Share

आकाश आनंद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगी सभाएं

लखनऊ। यूपी में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में अब चुनाव को लेकर बहुत ज्यादा समय नहीं बचा है। राज्य के चुनाव को ध्यान में रखकर ही बहुजन समाज पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारी और भावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। हालांकि पिछले साल कांशीराम जी के महानिर्वाण दिवस पर लखनऊ में आयोजित महारैली के बाद बसपा ने दोबारा कोई बड़ी रैली या राजनीतिक आयोजन नहीं किये।

हालांकि पिछले साल बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के निर्वाण दिवस और इस साल कांशीराम जी की जयंती पर बड़े कार्यक्रम की चर्चा थी, लेकिन पार्टी ने इन मौकों पर कोई बड़े सियासी आयोजन नहीं किये। जानकारों का कहना है कि बसपा प्रमुख मायावती ने कल यानि 31 मार्च को लखनऊ स्थित पार्टी के मुख्यालय पर पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों व सक्रिय कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुलायी है। माना जा रहा है कि इस बैठक में मायावती पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश देंगी।
बसपा का यूपी में मजबूत जनाधार रहा है और यहां चार बार मायावती के नेतृत्व में सरकार भी रही है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व की चिंता यूपी में अपनी ताकत बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने को लेकर है। पार्टी नेतृत्व का मकसद यूपी में एक बार फिर अपने बूते पूर्ण बहुमत की सरकार बनाना है। इसी बात को ध्यान में रखकर बसपा प्रमुख ने राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लडऩे का फैसला लिया है।


अब राज्य में विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में पार्टी नेतृत्व राज्य की सभी विधानसभा सीटों पर अपने बड़े नेताओं के कार्यक्रम लगाने पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि मायावती अपने सियासी उत्तराधिकारी आकाश आनंद के चुनावी सभाओं के कार्यक्रम लगाने जा रही है। युवाओं में आकाश आनंद की छवि अच्छी है। इसलिए पार्टी पहले से ही आकाश आनंद के कार्यक्रम लगाकर युवाओं को बसपा की तरफ आकर्षित करने का प्रयास करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *