संविधान लागू होने के 76 साल बाद आज भी रुढ़िवादी परंपराएं व असंगत ग्रंथ ही संविधान पर हावी : रामकुमार गौतम

Share

अंबेडकर के आदर्शो और संविधान के मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया गया तथा प्रत्येक दशा में अपने अधिकारों के लिए रहने का संकल्प लिया गया  

लखनऊ। बहुजन समाज वृंदावन ग्रुप द्वारा होटल ए स्क्वायर होम निकट उतरेटिया रेलवे स्टेशन सेक्टर 10 सी वृंदावन योजना लखनऊ में प्रतिवर्ष की भांति संविधान दिवस पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर एवं तथागत भगवान गौतम बुद्ध को पुष्पांजलि अर्पण के साथ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री  केके गौतम, शूद्र शिव शंकर सिंह यादव मुंबई, डॉ. लाल्ती देवी पूर्व प्रोफेसर बीएचयू, डॉ संदीप यादव प्रोफेसर डीयू,  भंते दीपांकर, सत्यवीर सिंह यादव, जीत लाल सैनी, मंजू लता कमल, एडवोकेट उत्कर्ष गौतम, संदीप मानकर मध्य प्रदेश आदि ने अपने-अपने विचार रखें। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम लगन सिंह यादव द्वारा की गई।

कार्यक्रम में संविधान की शपथ ग्रहण की गई तद्भव प्रांत संत रविदास ज्ञान विहार कल्ली पश्चिम निशुल्क कोचिंग के बच्चों के द्वारा संविधान गीत,”मेरे भारत का संविधान सारी दुनिया से न्यारा है,” प्रस्तुत किया गया तथा बाबा साहब पर आधारित नाटिका “भारत देश संविधान से चलेगा” का मंचन किया गया। कोचिंग के बच्चों एवं बहुजन समाज वृंदावन ग्रुप के नन्हे मुन्ने बच्चों के द्वारा भारतीय संविधान एवं बाबा साहब  के ऊपर गीत एवं वक्तव्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में ग्रुप के परिवार के वरिष्ठतम सदस्यों में से श्रीमती शांति देवी पत्नी गोकुल प्रसाद निवासी गोवर्धन एनक्लेव तथा रामनाथ कश्यप पुत्र भगवती प्रसाद निवासी 9बी/232 सेक्टर 9बी वृंदावन को संविधान की किताब, शाल तथा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

रंजना दोहरे एवं लल्लू लाल गौतम द्वारा बाबा साहब पर गीत प्रस्तुत करके शमा बांध दिया गया। दो बच्चों ने पियानो पर गीत भी प्रस्तुत किया जिसमें बेबी उन्नति का पियानो पर राष्ट्रगान अत्यंत सराहनीय रहा इन दोनों बच्चों को प्रोफेसर डॉक्टर लाल्ती देवी के द्वारा नगद पुरस्कार भी दिया गया।

कार्यक्रम के संचालक एवं संयोजक रामकुमार गौतम ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रुप के सदस्यों के बच्चों एवं महिलाओं को भारत के संविधान से परिचित कराना तथा उन्हें मंच पर गीत व वक्तव्य के रूप में बोलने हेतु प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम में शूद्र शिव शंकर सिंह ने मुख्य रूप से कहा कि संविधान निर्माण से पूर्व बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के द्वारा ब्रिटिश गवर्नमेंट को पत्र लिखकर भारत में शोषितों वंचितों व दलितों के साथ होने वाले जातीय भेदभाव छुआछूत आदि से अवगत कराया था, जिसके आधार पर भारत में इनकी दशा जानने के लिए साइमन कमीशन भारत आया था साइमन कमीशन का सुनियोजित तरीके से विरोध कराया गया, बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर, शिवदयाल सिंह चौरसिया तथा स्वामी अछूतानंद जी ने साइमन कमीशन का स्वागत व सहयोग किया था।

बहुजन समाज वृंदावन ग्रुप के संयोजक रामकुमार गौतम ने कहा कि “संविधान के आर्टिकल 13 के अनुसार जिस दिन से संविधान लागू हुआ उसी दिन से भारत में प्रचलित समस्त रूढ़िवादी परंपराएं व ऐसे ग्रंथ जो संविधान से संगत नहीं है सभी शून्य हो गए,  इसके बावजूद संविधान लागू होने के 76 साल बाद भी आज भी रुढ़िवादी परंपराएं व असंगत ग्रंथ ही संविधान पर हावी हैं। यह तब तक संभव नहीं होगा जब तक की प्रत्येक घर में संविधान की किताब उपलब्ध नहीं होगी।

डॉ संदीप यादव के द्वारा नौकरियों में हो रहे भेदभाव तथा आरक्षण पर हो रहे कुठाराघात पर आंकड़े सहित विस्तार से बताया गया। एडवोकेट उत्कर्ष गौतम के द्वारा उच्च न्यायालय व उच्चतम न्यायालय में लागू कॉलेजियम व्यवस्था पर तमाम निर्णयों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि मूल संविधान में कॉलेजियम जैसी कोई व्यवस्था नहीं थी, इसे उच्चतम न्यायालय ने अपना वर्चस्व को बनाए रखने के लिए अपने निर्णयों के माध्यम से बाध्यकारी किया। डॉ लाल्ती देवी के द्वारा संविधान की खूबियों पर चर्चा करते हुए समता स्वतंत्रता बंधुता बनाए रखने तथा अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत रहने की प्रेरणा दी गई। पूर्व कैबिनेट मंत्री कमलाकांत गौतम ने बताया कि वर्तमान सरकार एक तरफ तो बाबा साहब के  जन्म दिवस व संविधान दिवस मनाने की बात करती है वहीं दूसरी तरफ लखनऊ में विधानसभा के सामने अंबेडकर महासभा प्रांगण में स्थित बाबा साहब के अस्थि कलश को यहां से विस्थापित करने हेतु अपने एक एमएलसी द्वारा 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब की जयंती कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश व दलित समुदाय के 6-7 मंत्रियों की उपस्थिति में दिए गए वक्तव्य का तत् समय खंडन तक नहीं करती है। कार्यक्रम में बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के आदर्शो और संविधान के मूल्यों पर चलने का संकल्प लिया गया तथा प्रत्येक दशा में अपने अधिकारों के लिए रहने का संकल्प लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *