सपा के घोषणा पत्र में दलित कार्मिकों के प्रोमोशन में आरक्षण का जिक्र नहीं : डॉ. निर्मल

Share

दिनभर बाबा साहब के नाम की माला जपने वाले सपा प्रमुख को अपने प्रण पत्र में र्डा. आंबेडकर की याद नहीं आई

लखनऊ। विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष उत्तर प्रदेश वित्त एवं विकास निगम डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर तंज कसते हुए कहा कि सपा के प्रण पत्र में न तो बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जिक्र है और न ही दलित कार्मिकों को प्रोमोशन में आरक्षण दिये जाने की कोई बात कही गयी है। वास्तविकता तो यह है कि अखिलेश यादव दिल से दलित विरोधी हैं और उन्होंने अपने शासनकाल में ही दलित कार्मिकों के प्रोमोशन में आरक्षण को खत्म किया था और वे अब भी नहीं चाहते कि ये पुरानी व्यवस्था बहाल हो।

डॉ. निर्मल ने कहा कि ठेके में आरक्षण की व्यवस्था भी अखिलेश यादव ने अपने शासनकाल में ही समाप्त की थी। रही बात पच्चीस लाख नौकरियां देने के वायदे की तो उन्होंने अपने पांच साल के शासनकाल में मात्र एक लाख नौकरियां दीं थीं, फिलहाल यूपी में इतने सरकारी पद नहीं हैं तो क्या वे पच्चीस लाख पद सृजित करेंगे, या सिर्फ वोट लेने के लिए यह भी उनका एक लोकलुभावन वादा ही है।

डॉ. निर्मल ने कहा कि सपा प्रण पत्र में बाबा साहब का जिक्र तक नहीं है। जबकि उन्होंने दिखावे के लिए पार्टी में अम्बेडकर वाहिनी बनायी और अपने हर कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब का नाम लेकर ही करते हैं। प्रणपत्र में बाबा साहब का जिक्र न होने से यह साफ है कि अखिलेश यादव को दलितों का वोट पाने के लिए मजबूरी में बाबा साहब का नाम लेना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *