कार्यक्रम में विख्यात राष्ट्रीय कवि प्रो. उदय प्रताप सिंह को हिंदी व उर्दू की तरक्की और राष्ट्रीय एकता में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया

लखनऊ। आलमी उर्दू दिवस के मौके पर आज होटल क्लार्क अवध में डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ट्रस्ट की ओर से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विख्यात राष्ट्रीय कवि, शायर एवं पूर्व सांसद प्रो. उदय प्रताप सिंह को हिंदी व उर्दू की तरक्की और राष्ट्रीय एकता में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में प्रो. उदय प्रताप सिंह, जनाब राजकुमार भाटी, सलाउद्दीन सिद्दीकी (पूर्व राज्य मंत्री) और प्रो. डॉ. आमोद सचान मुख्य रूप से शामिल रहे। ट्रस्ट के चेयरमैन अब्दुल नसीर नासिर (एन.ए. नासिर साहब) ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता सलाउद्दीन सिद्दीकी ने सभी भारतीयों से उर्दू भाषा को बढ़ावा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और परंपरा में उर्दू भाषा की महान ऐतिहासिक विरासत है। उर्दू और हिंदी दोनों एक दूसरे की पूरक भाषा है, बिना एक दूसरे के दोनों ही अधूरी हैं। उन्होंने नई पीढ़ी को उर्दू बोलने और लिखने में सक्षम बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।