दो दर्जन से अधिक सियासी दलों की कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन देने की घोषणा

Share

लखनऊ में इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स के राजनीतिक चिन्तन सम्मेलन में लिया गया फैसला

इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स के तत्वावधान में आज राजनीतिक चिन्तन सम्मेलन गांधी भवन प्रेक्षागृह लखनऊ में हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय  कांग्रेस कमेटी के प्रभारी यूपी एवं अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन राजेन्द्र पाल गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

सम्मलेन की अध्यक्षता प्रो. रामबख्श सिंह वर्मा पूर्व सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी ने की।

सम्मेलन का संचालन साहब सिंह धनगर भैया जी संयोजक इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स एवं संस्थापक राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी ने किया। इस सम्मेलन में शामिल इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स के दो दर्जन से अधिक पार्टियों ने आगामी विधानसभा चुनाव में बिना शर्त कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रभारी यूपी एवं अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन राजेन्द्र पाल गौतम ने सम्मेलन में कहा कि जननायक लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश भर में छात्रों और युवाओं की आवाज उठा रहे हैं, आज देश में छात्रों, युवाओं की चर्चा हो रही है, बेरोजगारी की चर्चा हो रही है, आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक न्याय के लिए श्री राहुल गांधी जी ने आवाज उठायी है। वह चाहते हैं कि देश में सामाजिक न्याय स्थापित हो।

उन्होने इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स को आश्वस्त किया कि सरकार बनने पर राहुल जी की मंशा के अनुरूप देश में सामाजिक न्याय स्थापित किया जाएगा, युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों के लिए समुचित कदम उठाये जायेंगे।

राजेन्द्र पाल गौतम ने बिना शर्त समर्थन पर इण्डियन डेमोक्रेटिक एलाइन्स के सभी दलों के प्रमुखों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे कांग्रेस पार्टी को सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ने में काफी बल मिलेगा।

सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय समानता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष  मोतीलाल शास्त्री,  राष्ट्रीय अध्यक्ष इण्डियन नेशनल लीग प्रो. मोहम्मद सुलेमान, पूर्व आईएएस डा. अनीस अंसारी,  समदर्शी समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसपी वर्मा,, राष्ट्रीय अध्यक्ष सामाजिक चेतना फाउण्डेशन एवं पूर्व जिला जज बीडी नकवी, पूर्व आईपीएस डा. बीपी अशोक, राष्ट्रीय अध्यक्ष आल इण्डिया मुस्लिम मजलिस एडवोकेट वसी अहमद, राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वजन सुखाय पार्टी शिव प्रसाद यादव पूर्व विधायक, डा. एसक्यूआर इलियास राष्ट्रीय महासचिव वेलफेयर पार्टी आफ इण्डिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वतंत्र जनताराज पार्टी घनश्याम कोरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय हरित पार्टी डा. राजवीर सिंह पाल व राष्ट्रीय महासचिव आदर्श लोकदल शाकिर अली उस्मानी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *