अपना दल कमेरावादी की नेता ने लखनऊ में दी डॉ. अम्बेडकर को श्रद्धाजंलि

लखनऊ। लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती से एक दिन पहले अपना दल (कमेरावादी) ने उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर दारुलशफा से अंबेडकर प्रतिमा तक ‘समता संकल्प मार्च’ निकाला गया। मार्च में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल मुख्य रूप से मौजूद रहीं।
बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हम सबको संविधान का सुरक्षा कवच दिया
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘यूजीसी लागू करो’ और ‘आरक्षण का अधिकार दो’ जैसे नारे लगाए। कार्यक्रम में डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने हम सबको संविधान का सुरक्षा कवच दिया। दलितों-पिछड़ों व भारत के प्रत्येक नागरिक को संविधान से ऐसा अधिकार मिला जिससे हमेशा उनके अधिकारों की रक्षा होती रहेगी। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, बीपी पंडाल और ज्योतिबा फुले प्रत्येक समतावादी व्यक्ति को याद करते रहना चाहिए। पल्लवी पटेल ने कहा यूजीसी पर सर्वोच्च न्यायालय ने बहुत सोच समझकर रोक लगाया। भारतीय जनता पार्टी ने जो षड्यंत्र रचा था उसमें वह कुछ हद तक सफल भी हुए। मगर जब तक इस देश में वंचित समाज और बाबा साहब को मानने वाले मजबूती से लड़ाई लड़ते रहेंगे तब तक किसी के अधिकारों का हनन नहीं होगा। यूजीसी सुप्रीम कोर्ट की फाइलों से निकालकर इस देश की शिक्षा व्यवस्था पर लागू होगा और वंचितों को उनका अधिकार मिलेगा। स्वयं भारतीय जनता पार्टी यूजीसी को लागू करवाएगी।

संविधान बचाने के लिए एक महान आंदोलन खड़ा किया जाना चाहिए
उन्होंने कहा कि लोगों के अधिकारों का रास्ता बाबा साहब के संविधान से होकर जाता है। मौजूदा समय में भाजपा सरकार बाबा साहब के प्रतीक चिन्हों को तो 100′ रूप से पूजती है। लेकिन उतनी ही मजबूती से बाबा साहब के विचारों और संविधान को मिटाने के लिए कुंठित प्रयास कर रही है। इसके जिम्मेदार वो लोग भी है जिन्होंने बाबा साहब के नाम पर सत्ता पाई। मगर संविधान की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया। आज एक बड़ा वर्ग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। संविधान बचाने के लिए एक महान आंदोलन खड़ा किया जाना चाहिए ताकि इस देश में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को न्याय मिले।