लखनऊ व आसपास के जिलों के आयेंगे हजारों कार्यकर्ता
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर यानि 13 अप्रैल को पिछड़ा वर्ग अधिकार सम्मेलन करने जा रही है। इसी हफ्ते महात्मा ज्योतिबाराव फुले की भी जयंती थी। असपा कल डॉ. अम्बेडकर और महात्मा फुले की जयंती एक साथ मनाने जा रही है। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर हाल में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में लखनऊ व आसपास के जिलों के लोग एकत्र होंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद हैं।

वे इस सम्मेलन के जरिए देश और यूपी में जो पिछड़ा वर्ग के अधिकार हैं उन्हें भाजपा सरकार नहीं दे रही है। दलितों के साथ ही पिछड़ा वर्ग के आरक्षण में भी घोटाला हो रहा है। क्रीमीलेयर के नाम पर गरीब पिछड़ा वर्ग के गरीब लोगों के बच्चों को भी आरक्षण के लाभ से वंचित किया जा रहा है। वैसे असपा प्रमुख पिछले तीन महीने से यूपी के विभिन्न जिलों में संविधान बचाओ, अधिकार बचाओ रैलियां कर रहे हैं और उनकी रैलियों में भारी तादाद में दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज एकजुट हो रहा है। यूपी में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। असपा द्वारा आयोजित रैलियां और सम्मेलन राज्य में होने वाले विधानसभा के चुनाव की तैयारी माना जा रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने लोकसभा के चुनाव में तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद नगीना लोकसभा सीट जीत ली थी। अब उनका मकसद राज्य की सौ विधानसभा सीटों पर अपनी ताकत बढ़ाना है। ताकि चुनाव के समय किसी दल के साथ तालमेल हो तो उस दल को भी असपा के साथ गठबंधन का फायदा मिल सके।