सामाजिक संस्था बहुजन भारत ने बहुजन नायक की जयंती के मौके पर उन्हें अर्पित किये श्रद्धा सुमन
लखनऊ। सामाजिक संस्था बहुजन भारत ने रविवार को संस्था मुख्यालय पर कांशीराम जी की जयंती के अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया। इस मौके पर संस्था के महासचिव चिंतामणि ने कहा कि आज बहुजन नायक के जन्म दिवस के मौके पर पूरा देश उन्हें याद कर रहा है।ऐसे में वंचित वर्गों को संविधान में प्रदत्त अधिकार दिलाना ही सही मायने में कांशीराम जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संस्था के महासचिव ने कहा कि मौजूदा समय में संविधान समर्थक ताकतें संविधान की रक्षा करने के लिए संघर्षरत हैं, लेकिन संविधान विरोधी ताकतें संविधान का विरोध करने में जुटीं हैं, इन ताकतों का प्रयास है कि किसी भी तरह से दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों को संविधान में प्रदत्त अधिकार और उनको मिलने वाली सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्वतंत्रता ना मिले, यही वजह है कि ये ताकतें भारतीय संविधान को ख़त्म करके मनुवादी गैर बराबरी वाली सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक व्यवस्था को लागू करना चाहते हैं, लेकिन लोकतंत्र में संविधान विरोधी ताकतों को वोट के जरिये शिकस्त देकर हमें कांशीराम जी के सपने को पूरा करना होगा और यही उनके प्रति बहुजन समाज के लोगों की सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस मौके पर संस्था के उपाध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल एडवोकेट, डॉ. आरआर जैसवार एडवोकेट, महेन्द्र मंडल एडवोकेट, धनीराम, रामकुमार गौतम, अश्वनी कुमार, अवनी कुमार, लाल चंद आदि ने अपने विचार व्यक्त किये।