अमेरिका व इजराइल ने कायराना हमला करके ईरान के सुप्रीम लीडर की हत्या की


लखनऊ। अफहाम-ए-जमा सोसाइटी के सचिव सैयद मोहम्मद शान नकवी इजतेहादी (एडवोकेट) का कहना है कि अमेरिका और इजराइल जैसी आतंकी ताकतों से दुनिया के तमाम देशों को बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप और नेतन्याहू ने ईरान से बातचीत के दौरान पीठ पीछे से कायराना हमला करके ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह खामेनेई की हत्या कर दी। नकवी ने अमेरिका की विस्तारवादी सोच का जिक्र करते हुए कहा कि इजराइल कोई मुल्क नहीं है, उसने दूसरे मुल्क की जमीन पर नाजायज कब्जा करके उसे अपना देश घोषित कर दिया और इजराइली नेता ने अमेरिका के सहयोग से पूरी दुनिया में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दिया।

अमेरिका के क्रूर शासन से डरने की जरूरत नहीं : मीसम
सोसाइटी के अध्यक्ष सैयद अली मीसम नकवी इजतेहादी (एडवोकेट) ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश को अमेरिका के क्रूर शासन से डरने की जरूरत नहीं है। हमें अमेरिका के विस्तारवादी सोच के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी लोकतांत्रिक देश अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर यूएनओ व अन्य संगठनों से अमेरिका और इजराइल के खिलाफ अन्तर्राष्ट्रीय कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग करें। क्योंकि इनके हाथ हजारों मासूमों के खून से रंगे हुए हैं। अब इनकी इस अमानवीयता का अंत निश्चित है।उन्होंने कहा कि एक तरफ जहां दुनिया के तमाम मुल्क अपने ईमान को अमेरिका के हाथों बेच चुके हैं। वहीं सिर्फ और सिर्फ ईरान ही ऐसा देश है जो अमेरिका जैसे क्रूर और जालिम शासन का बहुत ही मजबूती के साथ मुकाबला कर रही है।उन्होंने कहा कि इजराइल कोई देश नहीं बल्कि अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा व ताकतवर आतंकी संगठन है जो दूसरे देशों की प्राकृतिक संपदा पर नाजायज तरीके से अपना कब्जा करने का अभियान चला रहा है और इजराइल के इस अभियान को अमेरिका का खुला समर्थन है। ईरान ने अमेरिका की सुपर पावर की घटिया सोच को ध्वस्त कर दिया है।