यूजीसी के नये नियम लागू कराने तक पूरे प्रदेश में चलेगा आंदोलन
लखनऊ। अपना दल कमेरावादी और विभिन्न सामाजिक, छात्र-युवा संगठनों ने यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर विशाल मार्च निकाला। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रदर्शनकारियों ने सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में आईटी चौराहे पर आन्दोलन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 लागू करो, ‘ ‘हम सबका है ऐलान, सबको शिक्षा सबको मान, ‘शिक्षण संस्थानों में वंचितों का उत्पीडऩ बंद करो’ आदि नारे लगाते हुए हाथों में तख्तियां और राष्ट्रध्वज लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।

अपना दल कमेरावादी के साथ विभिन्न सामाजिक, छात्र युवा संगठनों ने निकाला विशाल मार्च
इस दौरान अपना दल कमेरावादी की शीर्ष नेता व सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि रोहित वेमुला, दर्शन सोलंकी, पायल तडवी, अनिल कुमार जैसे ज्ञात और अनगिनत अज्ञात पीडि़तों के साथ हुई घटनाओं की पुनरावृति को रोकने के लिए तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षा के अवसरों में समानता के लिए बनाए जा रहे प्रावधानों को भ्रामक बहसों एवं अफवाहों में फंसा कर पीडि़तों के साथ न्याय के लिए बनाए गए यूजीसी विनिमय 2026 को अगड़ा बनाम पिछड़ा की लड़ाई का हथियार बना दिया गया। जबकि यह विनियम किसी भी तरीके से किसी खास सामाजिक समुदाय के विरुद्ध नहीं बल्कि हर तरह के शोषक के खिलाफ तथा शोषण परंपराओं पर रोक के लिए है।
डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि हद तो तब हो गई जब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में यूजीसी रेगुलेशन 2026 के समर्थन में बात भर करने से हिंदू एकता की ढोंग रचने वाले संगठनों ने एससी एसटी और ओबीसी वर्ग के छात्रों पर हमले कर दिए, बीएचयू में छात्र आदर्श कुमार पर जानलेवा हमला किया गया, वही इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पार्क में शांतिपूर्ण तरीके से संवाद कर रहे छात्रों पर भगवाधारियों ने हमला कर दिया। और दोनों ही मामलों में भाजपा की पुलिस ने क्रॉस एफ आई आर करके मामले की लीपापोती में लग गई।
उन्होंने कहा कि ऐसी दमनकारी व्यवस्था और घोर अन्याय के खिलाफ अब सडक़ पर उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है, सामाजिक न्याय के लिए यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 लागू होने तक प्रदेश भर में चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।