असपा कार्यकर्ता की हत्या की जांच कराये सरकार : चन्द्रशेखर

Share

पार्टी प्रमुख चन्द्रशेखर ने की सीएम से दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने यूपी के औरैया जिले में पार्टी कार्यकर्ता अनुज कुमार की संदिग्ध हालात में हुई हत्या पर गहरी चिंता जताते हुए राज्य सरकार ने इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच कराने और इसके लिए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। आजाद ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि औरैया में दिबियापुर अंतर्गत थाना फफूंद क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी 21 वर्षीय दलित युवक अनुज कुमार उर्फ छोटू पार्टी के राज्य इकाई की कोर कमेटी के सदस्य थे। इनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या अत्यंत दुखद एवं गंभीर जांच का विषय है।


मौके पर नहीं मिले एक्सीडेंट के कोई साक्ष्य

उन्होंने लिखा कि 18 जनवरी 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे अनुज यह कहकर घर से निकला था कि वह ग्राम लाडपुर मोटरसाइकिल देने जा रहा है। शाम 7:00 बजे उसके मोबाइल पर कॉल कर यह कहा गया कि अनुज का ग्राम दखलीपुर में एक्सीडेंट हो गया है, लेकिन मौके पर न तो कोई एक्सीडेंट मिला और न ही अनुज का कोई पता चला। आजाद ने एक्स पर लिखा कि लगातार तलाश के बाद अगली सुबह अनुज की मोटरसाइकिल सडक़ किनारे तथा उसका शव सडक़ से लगभग 100 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला, जिसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। परिस्थितियां स्पष्ट रूप से हत्या की ओर संकेत करती हैं। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। न तो हत्या की वजह स्पष्ट की गई है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

दलित युवक की हत्या के मामले में गुमराह कर रही पुलिस

यह स्थिति न केवल पीडि़त परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए गहरी चिंता का विषय है, विशेषकर तब, जब मृतक दलित समुदाय से संबंध रखता हो। उन्होंने आगे लिखा है कि हम इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हैं। हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रकृति उन्हें यह असीम दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करे। आजाद ने मुख्यमंत्री योगी से मांग की है कि मामले की तत्काल उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए। हत्या में शामिल सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए,जांच में हो रही देरी व लापरवाही की जवाबदेही तय की जाए, पीडि़त परिवार को सुरक्षा, न्याय एवं सम्मान दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *