विधानसभा की सभी सीटों पर तैयारी करने का किया आह्वान
लखनऊ। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की एक बैठक पार्टी के राज्य मुख्यालय पर हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार चित्तौड़ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से रूबरू होते हुए कहा कि अगले कुछ माह में राज्य में पंचायत के चुनाव होने हैं। ये चुनाव यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। पंचायत चुनाव में अधिक से अधिक सीटें हासिल करना पार्टी का मकसद है। पार्टी इस चुनाव में संगठन से जुड़े नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ाएगी। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में पार्टी की सफलता तय करेगी कि राज्य में विधानसभा चुनाव में उसकी क्या स्थिति रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पहली प्राथमिकता तो पंचायत चुनाव की तैयारी है।

रही बात विधानसभा की तो राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी अकेले मैदान में उतरेगी या किसी दल के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ेगी, ये राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा। लेकिन हमें राज्य की सभी 403 सीटों पर तैयारी करनी है। बैठक में बैठक में लखनऊ ज़ोन के अंतर्गत आने वाले लखनऊ मंडल, देवीपाटन मंडल एवं अयोध्या मंडल के सभी प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी, मंडल स्तरीय पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष साथियों ने सहभागिता की। बैठक में प्रांतीय कोषाध्यक्ष अमित कुमार गौतम, प्रदेश प्रवक्ता देव प्रताप सिंह ने भी अपने विचार रखे। दोनों पदाधिकारियों ने संगठन को धरातल पर उतारने, जनसमस्याओं के लिए निरंतर संघर्ष करने और बहुजन समाज की आवाज को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।