ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड को पछाड़ वैभव ने रचा कीर्तिमान

Share

बल्लेबाजों ने लगाई गेंदबाजों की क्लास, मैच में बाउंड्री की बारिश

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही दिन बिहार की टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने भारतीय घरेलू क्रिकेट का इतिहास बदल दिया। रांची के जेएससीए स्टेडियम में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बिहार ने 6 विकेट पर 574 रन बनाकर लिस्ट ए क्रिकेट का सबसे बडा टीम स्कोर दर्ज किया। इस पारी में युवा और अनुभवी बल्लेबाजों का जबरदस्त तालमेल देखने को मिला। वैभव सूर्यवंशी, आयुष लोहारुका और कप्तान साकिबुल गनी की शतकीय पारियों ने मैच को एकतरफा बना दिया और बिहार को रिकॉर्ड बुक में अमर कर दिया।

वैभव सूर्यवंशी की तूफानी 190 रन की पारी

बिहार की इस ऐतिहासिक पारी के हीरो रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी। उन्होंने महज 84 गेंदों में 190 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 15 छक्के निकले। वैभव ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए और अरुणाचल के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया। इस पारी के साथ ही वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। साथ ही यह किसी भारतीय बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा लिस्ट ए स्कोर भी है।

बिहार का ऐतिहासिक स्कोर और टूटा पुराना रिकॉर्ड

इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार की टीम ने अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों पर शुरू से ही दबाव बना दिया। टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 574 रन ठोके। इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर तमिलनाडु के नाम था, जिसने 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 506 रन बनाए थे। बिहार ने इस रिकॉर्ड को 68 रन से पीछे छोड दिया। यह अब तक का सबसे बडा टीम टोटल बन गया है और घरेलू क्रिकेट में इसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

आयुष लोहारुका का आक्रामक शतक

वैभव का भरपूर साथ दिया आयुष आनंद लोहारुका ने. आयुष ने सिर्फ 56 गेंदों में 116 रन बनाए। उनकी पारी में 11 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। आयुष ने बीच के ओवरों में तेजी से रन बटोर कर टीम का रन रेट लगातार ऊंचा रखा। जब भी लगा कि गेंदबाज थोड़ी राहत लेंगे, आयुष ने बडे शॉट खेलकर दबाव और बढा दिया। उनकी इस पारी ने बिहार को रिकॉर्ड की दिशा में मजबूती से आगे बढाया।

कप्तान साकिबुल गनी का रिकॉर्ड शतक

बिहार के कप्तान साकिबुल गनी ने अंत में आकर मैच पर पूरी तरह मुहर लगा दी। उन्होंने सिर्फ 40 गेंदों में 128 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 10 चौके और 12 छक्के निकले. साकिबुल ने महज 32 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो लिस्ट ए क्रिकेट में किसी भारतीय का सबसे तेज शतक है. उनकी स्ट्राइक रेट 320 से ज्यादा रही। कप्तान की इस पारी ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया और बिहार के स्कोर को ऐतिहासिक ऊंचाई तक पहुंचा दिया।

अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों के लिए कठिन दिन

यह मुकाबला अरुणाचल प्रदेश के गेंदबाजों के लिए बेहद निराशाजनक रहा। बिहार के बल्लेबाजों के सामने उनकी एक नहीं चली। तेज गेंदबाज मिबोम मोसु ने 9 ओवर में 116 रन लुटाए और कोई विकेट नहीं ले सके. टीएनआर मोहित ने भी 9 ओवर में 99 रन दिए। हालांकि उन्हें 2 विकेट जरूर मिले। टेची डोरिया सबसे किफायती रहे, लेकिन उन्होंने सिर्फ 1 ओवर ही डाला और 20 रन खर्च किए। कुल मिलाकर अरुणाचल के गेंदबाजों के लिए यह दिन जल्दी भुलाने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *