पब्लिक इंडिया ने फतेह बहादुर के आत्महत्या करने की चलायी थी गलत खबर
लखनऊ। यू ट्यूब चैनल पब्लिक इंडिया के संपादक आनंद वर्धन सिंह ने पूर्व आईएएस एवं सामाजिक संस्था बहुजन भारत के अध्यक्ष कुंवर फतेह बहादुर से गलत खबर चलाये जाने पर माफी मांगी है और मानहानि के नोटिस के जवाब में लिखा है कि उन्हें इस तरह की गलत खबर चलाने का खेद है और उन्होंने नोटिस में दी गयी शर्तों के मुताबिक अपने चैनल पर चलायी इस खबर को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्मों से हटा लिया है। साथ ही तीन मिनट की अपने चैनल पर खबर चलाकर इस गलत तथ्य प्रसारित करने के लिए सार्वजनिक तौर पर खेद जताया है।
उल्लेखनीय है कि पब्लिक इंडिया यूट्यूब चैनल ने पूर्व आईएएस नवनीत सहगल के भ्रष्टाचार पर चर्चा के दौरान बिना किसी रेफ्रेंस के कुंवर फतेह बहादुर का नाम लेते हुए उनके आत्महत्या कर लेने की बात कही थी।

इस पर कुंवर फतेह बहादुर ने एडवोकेट हाईकोर्ट आदित्य सिंह के जरिए आनंद वर्धन को मानहानि का नोटिस भेजा था। जिसमें कहा गया था कि आपके शो के एक पैनलिस्ट, डॉ. संजय कुमार ने जानबूझकर, झूठा और दुर्भावनापूर्ण तरीके से यह जानकारी दी और फैलाई है कि कुंवर फतेह बहादुर ने आत्महत्या कर ली है, जबकि आप पूरी तरह से जानते थे कि वह जीवित हैं। इस संबंध में कुंवर फतेह बहादुर का कहना है कि पब्लिक इंडिया के संपादक ने अपने चैनल पर मेरे बारे में जो गलत तथ्य दिखाये, उसके संबंध में सार्वजनिक तौर पर खेद व्यक्त कर दिया है। उनका कहना है हालांकि भ्रष्टाचार पर आयोजित डिबेट में मेरा नाम लेने का कोई अवसर, औचित्य या कारण बिल्कुल नहीं था, क्योंकि मेरा नाम का चर्चा के विषय से किसी भी तरह का कोई संबंध, सरोकार या जुड़ाव नहीं था। यह, वास्तव में, स्पष्ट है कि मेरा नाम व्यर्थ में लेने के पीछे एकमात्र और जानबूझकर मकसद यह झूठा संकेत देना था कि मैं नौकरशाही के भीतर भ्रष्टाचार की कथित बीमारी में शामिल था या मुझे इसकी जानकारी थी, जिससे यह सुझाव दिया गया कि मैं दबाव में जी रहा था और परिणामस्वरूप मैंने आत्महत्या कर ली। उम्मीद है कि कोई अन्य यूट्यूब या न्यूज चैनल भविष्य में मुझसे संबंधित कुछ भी दिखाने से पहले उसकी सच्चाई के बारे में जानकारी हासिल करके ही दिखाएंगे।