अब हसनैन पहले की तरह अपने पैरों पर चल सकेगा
लखनऊ। बसंतकुज इलाके में लगभग बीस दिन पहले सात साल का बच्चा सडक़ हादसे में बुरी तरह से जख्मी हो गया। इस बच्चे का नाम हसनैन है और इसके पिता राजू सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का गुजर बसर करते हैं। सड़क की सफाई करने वाले एलएसए के ट्रक से हुई इस दुर्घटना में बच्चे का एक पैर तो बुरी तरह से जख्मी हो गया और उसका एक पैर काटने की नौबत आ गई। तभी सामाजिक संस्था वे टू सक्सेज फाउंडेशन ने इस बच्चे की मदद के लिए आगे बढक़र लोगों से मदद की गुहार लगाई। ताकि पैसे के अभाव में इस बच्चे का बचपन छिनने से बचाया जा सके।

संस्था के अध्यक्ष मो. शफीक सलमानी ने खुद आगे बढक़र पहले आर्थिक मदद की पहल की और उनके आह्वान पर कई लोग इस बच्चे की मदद के लिए आगे आये और अस्पताल में भर्ती इस बच्चे का इलाज शुरू हुआ, मददगार लोगों ने इलाज में पैसे की कमी न होने का भरोसा दिलाया, जिसका नतीजा यह रहा कि अस्पताल ने बच्चे के पैर को कटने से बचा लिया। अब बच्चा स्वस्थ है और धीरे-धीरे उसके पैर में भी आराम मिल रहा है।
शफीक सलमानी का कहना है कि उनकी डाक्टरों से बात हुई है उन्होंने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही ये बच्चा अपने पैरों पर चलने लगेगा। सलमानी ने बताया कि क्षेत्रीय सभासद कमलेश कुमारी देवी और पूर्व पार्षद पंकज पटेल ने भी इस बच्चे के इलाज में आर्थिक सहयोग देने के साथ ही बच्चे के परिवार को भरोसा दिलाया है कि वह बच्चे के इलाज में किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं आने देंगे।