मुस्लिमों को रमजान में इबादत की हो स्वतंत्रता : अबुल बरकात

Share

कौमी मशावरत के अध्यक्ष ने सीएम योगी से किया आग्रह

लखनऊ। कौमी मशावरत के अध्यक्ष सैयद अबुल बरकात नजमी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया है कि दो दिन बाद माहे मुबारक रमजान शुरू होने जा रहा है। इस मुकद्दस महीने में मुस्लिम समाज के लोगों को नमाज अदा करने, तरावीह पढऩे में जिला प्रशासन और पुलिस की तरफ से किसी भी तरह की कोई दिक्कत न आये।

मुस्लिमों को तरावीह पढ़ने व नमाज अदा करने में न आये कोई दिक्कत

नजमी ने कहा कि रमजान के मौके पर मुस्लिम समाज के लोग रात में तरावीह पढ़ने मस्जिद या अपने क्षेत्र में खुले मैदानों में जाते हैं। ऐसे में पुलिस इन्हें तरावीह पढ़ने जाने से रोकने के लिए बेवजह परेशान न करे। उन्होंने कहा कि हाल ही में बरेली में घर में नमाज पढ़ रहे बारह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
उन्होंने कहा कि रमजान मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र महीना है और वे इस महीने में सिर्फ अल्लाह की इबादत करते हैं। सरकार राज्य के सभी जिला प्रशासन को निर्देश दे कि हमें पूरे महीने इत्मीनान से इबादत करने दी जाए। उन्हें बताया जा रहा है कि कई जिलों में मस्जिदों से लाउडस्पीकर उतरवाये जा रहे हैं और जिला प्रशासन की यह सख्त हिदायत है कि रमजान में अजान की आवाज सिर्फ मस्जिदों के अंदर ही सुनाई दे, इसकी आवाज बाहर नहीं आये।

अजान नहीं सुनाई देगी तो कैसे खोलेंगे रोजा

बरकात नजमी ने कहा कि यदि अजान की आवाज नहीं सुनाई देगी तो वे रोजा कैसे खोलेंगे। आम मुस्लिमों को शाम को मस्जिदों से अजान की आवाज आने पर ही रोजा खोलने के समय की जानकारी होती है। लिहाजा जिला प्रशासन को यह भी निर्देश दिये जाएं कि रमजान के मौके पर मस्जिदों से लाउडस्पीकर न उतरवाए जाएं और न ही उनकी आवाज कम करायी जाए। अजान बमुश्किल दो मिनट ही होती है। उन्होंने सीएम योगी से यह भी आग्रह किया कि उन्हें उनका त्योहार बिना किसी विघ्न बाधा के मनाने दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *