संत गाडगे का बहुत सम्मान करते थे डॉ. अम्बेडकर : डॉ. निर्मल
लखनऊ। सदस्य विधान परिषद एवं अम्बेडकर महासभा के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि महासभा पूरे वर्ष संते गाडगे महाराज का जयंती समारोह आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर संत गाडगे का बहुत सम्मान करते थे।

पूरे वर्ष संत गाडगे की जयंती मनाएगी अम्बेडकर महासभा
संत गाडगे महाराज का शोषित समाज के लिए काम करने के कारण बाबा साहब से बहुत ज्यादा लगाव था। यही वजह थी कि उन्होंने महाराष्ट्र में चोखामल धर्मशाला बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर को सौंप दी थी। जबकि महात्मा गांधी ने भी संत गाडगे महाराज से चोखामल धर्मशाला मांगी थी, लेकिन संत गाडगे महाराज ने उन्हें यह धर्मशाला देने से मना कर दिया था।
डॉ. निर्मल ने कहा कि आज हम गाडगे महाराज की 150वीं जयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाडगे महाराज ने समाज में स्वच्छता का संदेश दिया। उन्हें उस समय इस बात का ज्ञान था कि गंदगी के कारण ही इंसान में सैकड़ों बीमारियां पनपती हैं। इसलिए उन्होंने अपने स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाया। यूपी में योगी आदित्यनाथ जी की सरकार भी राज्य में संत गाडगे जी के इस संदेश को आगे बढ़ा रही है।
गाडगे महाराज ने एकता और स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का पूरा ध्यान स्वच्छता और सामाजिक न्याय पर है। किसी भी वर्ग के साथ अन्याय न हो। दलित उत्पीड़न और इस समाज के साथ होने वाले अन्याय को लेकर हमारी सरकार सजग है और इस तरह की किसी भी घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सरकार सख्ती से निपट रही है।
अम्बेडकर महासभा परिसर में आयोजित समारोह में डॉ. निर्मल ने कहा कि आज हम संत गाडगे महाराज की जयंती पर उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लें और सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही उनके स्वच्छता के अभियान को आगे बढ़ाएं। इस मौके पर अमरनाथ प्रजापति, डॉ. सत्यवती दोहरे, प्रमोद सरोज, पीसी कुरील, विजय कुमार ने गाडगे महाराज को पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी।