भाजपा का खौफ दिखाकर मुस्लिमों का शोषण कर रही सपा-कांग्रेस : मो. नईम

Share

मुस्लिमों के लिए अब अछूत नहीं है भाजपा

कमल जयंत

लखनऊ। भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अवध क्षेत्र के अध्यक्ष मो. नईम का कहना है कि अब देश का मुसलमान सपा या कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है। इन दलों ने लंबे समय तक मुस्लिमों में भाजपा का डर बिठाकर इनका शोषण किया, लेकिन केन्द्र और यूपी में भाजपा की सरकार में मुस्लिमों के विकास, उनके हित और अधिकार से जुड़े काम तेजी से हो रहे हैं। उन्हें सरकार द्वारा आयोजित विकास की योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिसका सीधा लाभ आम मुसलमानों को मिल रहा है। यही वजह है कि अब मुस्लिम भी बहुत ही मजबूती के साथ भाजपा से जुड़ रहा है। अब भाजपा मुस्लिमों के लिए अछूत पार्टी नहीं है।

सपा व कांग्रेस से मुस्लिम समाज का हो रहा मोहभंग, सपा और कांग्रेस होंगी मुस्लिमों के लिए अछूत पार्टी 

मुसलमान भी अब समझने लगा है कि उसे किसके साथ रहने से फायदा है और कौन दल उन्हें अपना बताकर उनका नुकसान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं जब मुसलमानों के सपा और कांग्रेस अछूत पार्टी हो जाएगी। उनका कहना है कि राज्य में योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भाजपा की पिछले नौ साल से सरकार है, जबकि केन्द्र में मोदी जी के नेतृत्व में पिछले बारह साल से सरकार चल रही है। इस दौरान मुस्लिमों को उज्जवला योजना के तहत फ्री गैस सिलेंडर, मुफ्त राशन व पीएम आवास योजना के तहत निशुल्क आवास मुहैया कराये गये। भाजपा की सरकार किसी भी जाति या धर्म के साथ किसी भी तरह का कोई तुष्टीकरण नहीं करती। गरीबों के लिए बनी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समान रूप से हर वर्ग और समुदाय के गरीबों को मिल रहा है। उनका कहना है कि राशन और पीएम आवास योजना का सबसे ज्यादा लाभ इस सरकार में मुस्लिम समाज को ही मिला है।

भाजपा ने तो शुरू से ही मुस्लिमों के विकास और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए काम किया

भाजपा ने तो शुरू से ही मुस्लिमों के विकास और उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए काम किया है। अटल बिहारी वाजपेयी जी जब विदेश मंत्री थे तब उन्होंने अन्य देशों का वीजा खुलवाया, जिससे मुस्लिम समाज के बेरोजगार युवक दूसरे देशों में रोजगार से जुड़े और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई। अटल जी के प्रधानमंत्रित्वकाल में ही समझौता एक्सप्रेस चली, इसका मकसद भी दो देशों को जोडऩा था। जबकि सपा या कांग्रेस मुस्लिमों में भाजपा का डर दिखाकर उनका वोट लेना चाहते हैं। अब मुस्लिम समाज के लोग खासतौर पर युवाओं को यह बात अच्छी तरह से समझ में आ गयी है कि भाजपा उनकी दुश्मन नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *