भाजपा सरकार में रहकर भी हमारी पार्टी ने अपने एजेंडे को लागू कराया : सरोज कुरील

Share

जातीय जनगणना के मुद्दे पर अपना दल (एस) ने संसद से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ी

कमल जयंत

लखनऊ। अपना दल (एस) की विधायक सरोज कुरील का कहना है कि हमारी पार्टी ने दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों से कभी भी समझौता नहीं किया। जातीय जनगणना के मुद्दे पर हमारी पार्टी की नेता व केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने संसद से लेकर सड़क तक आवाज बुलंद की। इसी का नतीजा रहा कि केन्द्र सरकार जातीय जनगणना कराने जा रही है। उनका कहना है कि मेडिकल छात्रों के दाखिले में पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था नहीं थी।

अपना दल (एस) की मांग पर केन्द्र सरकार ने नीट में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू की

सरोज कुरील ने बताया कि अपना दल (एस) की मांग पर केन्द्र सरकार ने नीट में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण की व्यवस्था लागू की। अब नीट में पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को भी आरक्षण का लाभ मिल रहा है। आउटसोर्स कर्मियों की भर्ती के लिए राज्य सरकार ने बोर्ड बनाया है। इसकी पहल भी हमारी पार्टी ने की और हमारी नेता अनुप्रिया पटेल जी की मांग पर राज्य में आउट सोर्सिंग कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए बोर्ड बनाया गया। इस बोर्ड के बनने के बाद आउटसोर्स कर्मियों का चयन सीधे कोई विभाग नहीं कर सकेगा बल्कि इस बोर्ड के जरिए ही किसी भी विभाग में इन कर्मचारियों का चयन होगा।उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंंग कर्मचारियों को समय से वेतन व अन्य सुविधाएं भी मुहैया होंगी। उन्होंने साथ ही केन्द्र व यूपी की सरकार में भागीदारी होने के बावजूद अपना दल (एस) ने वंचित समाज के अधिकारों के साथ किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया और शोषितों को उनके हक दिलाने के लिए हमेशा अपनी आवाज बुलंद की और उन्हें उनके अधिकार दिलाये। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) दलितों, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों के लिए लड़ रही है और हमेशा लड़ती रहेगी।

हमारी पार्टी ने हमेशा गठबंधन धर्म निभाया

अपना दल एस की विधायक का कहना है कि यूपी में तकनीकी शिक्षा विभाग अपना दल (एस) के पास है और इस विभाग के मंत्री आशीष पटेल जी हैं। आशीष जी ने इस विभाग में आरक्षण की व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया। सरोज कुरील कानपुर नगर के घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।

उन्होंने अपने क्षेत्र में कराये गये कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। इस क्षेत्र में सडक़ निर्माण से लेकर पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले चार साल में घाटमपुर क्षेत्र विकसित विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित हो गया है। सरोज कुरील ने कहा कि हमारी पार्टी ने हमेशा गठबंधन धर्म निभाया है और आगे भी गठबंधन धर्म का पालन करती रहेगी। यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पर चर्चा के दौरान कहा कि उनकी पार्टी अगला विधानसभा चुनाव भी भाजपा के साथ गठबंधन करके ही लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *