भाजपा को दुश्मन नहीं अपना हमदर्द मानते हैं मुस्लिम : मो. नईम

Share

मुस्लिमों में भाजपा के खिलाफ अछूत वाली धारणा और नफरत खत्म हुई

कमल जयंत

लखनऊ। भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अवध क्षेत्र के अध्यक्ष मो. नईम का कहना है कि अब देश का मुसलमान सपा या कांग्रेस के बहकावे में आने वाला नहीं है। उनका कहना है कि केन्द्र में बारह साल से और यूपी में लगभग नौ साल से भाजपा की सरकार है। इस दौरान भाजपा की सरकारों ने मुस्लिमों के विकास के लिए जो काम किये हैं, उससे आम मुस्लिमों में यह धारणा बदल गयी है। हालांकि भाजपा कभी भी मुस्लिम विरोधी नहीं रही है। अटल जी की छवि उदारवादी नेताओं की रही। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते मुस्लिमों के विकास के लिए अनेकों काम किये। मोदी जी के नेतृत्व में चल रही सरकार में कश्मीर में पत्थरबाजी कम हुई है। वहां आतंकी संगठन युवाओं को बहलाकर पत्थरबाजी कराते थे, लेकिन इन युवाओं को समझ में आ गया कि उनका गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। अब वे राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं, इसी का नतीजा है कि अब वहां पत्थरबाजी लगभग खत्म हो गयी है।

मुस्लिमों को अपना जागीर मानती हैं सपा, बसपा व कांग्रेस

उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा मुस्लिमों के बीच जाकर यही प्रचार करते हैं कि भाजपा मुसलमानों की दुश्मन है। जबकि वास्तविकता ये है कि तीनों दल खासतौर पर सपा मुसलमानों को अपनी जागीर समझती है। देश में मुसलमानों का अगर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है तो वह कांग्रेस और सपा के शासनकाल में ही हुआ है। सपा की जब भी राज्य में सरकार रही उस दौरान केवल यादव ही प्रभावी रहते हैं। हां सपा नेता मुस्लिमों को अपना वोटबैंक और उनपर अपना एकाधिकार मानते हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे उनका यह भ्रम भी टूट रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में तमाम महत्वपूर्ण पदों पर मुस्लिमों को स्थापित किया गया है। पंचायत चुनाव हो या नगर निगम के चुनाव यहां मुस्लिमों को उचित प्रतिनिधित्व दिया गया है। केवल अवध क्षेत्र में ही तीन मुस्लिम चेयरमैन हैं। खैराबाद में मुस्लिमों के वोट से भाजपा का चेयरमैन जीता। विपक्ष ये अफवाह फैलाता है कि मुस्लिम भाजपा को वोट नहीं देता। खैराबाद में तो सत्तर फीसदी मुसलमानों ने भाजपा को वोट दिया। इसी तरह लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी मुस्लिम भाजपा के पक्ष में भारी तादाद में वोट कर रहा है।

मुस्लिम समाज को भी सारी सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही भाजपा सरकार

मो. नईम ने कहा कि भाजपा सरकार किसी भी जाति, धर्म या समुदाय के खिलाफ किसी भी तरह का कोई तुष्टिकरण नहीं करती। भाजपा का मकसद गरीबों का उत्थान, उनका विकास है। भाजपा की पहली प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। हमारी सरकार इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर गरीबी की रेखा के नीचे जीवन-यापन कर रहे मुस्लिम समाज को भी सारी सरकारी योजनाओं का लाभ दे रही है। हमारी पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। इस सरकार में गरीब मुस्लिमों के इलाज के लिए सबसे ज्यादा धन मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिया जा रहा है। खुद हमने पांच करोड़ रुपये लोगों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दिलाये।

सपा, बसपा या कांग्रेस का बूथस्तर पर कोई संगठन नहीं

भाजपा और भाजपा के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठï का संगठन बूथ स्तर तक गठित और मजबूत है। जबकि सपा, बसपा या कांग्रेस का बूथस्तर पर कोई संगठन नहीं है। हमारे प्रकोष्ठï के पदाधिकारी मुस्लिम बस्तियों में जाकर उन्हें सरकार की योजनाओं, विपक्ष की साजिशों से अवगत करा रहे हैं। यही वजह है कि मुस्लिम युवा भाजपा के साथ तेजी से जुड़ रहा है। एक विधानसभा सीट लखनऊ पश्चिम में हमारे पैंतीस बूस ए से सी और अठतीस बूथ ए से बी श्रेणी में आये। कार्यकर्ताओं की मेहनत और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की वजह से मुस्लिम समाज भाजपा की तरफ आकर्षित हो रहा है और जुड़ रहा है तथा भाजपा को वोट भी दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *