आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि आप अपने समाज के उत्थान के लिए कुछ करें
कमल जयंत
डॉ. आंबेडकर अकादमी के संस्थापक चेयरमैन जेसी आदर्श का कहना है कि शिक्षा के बिना सामाजिक परिवर्तन संभव नहीं है। शिक्षा से जागरुकता आती है और जागरुक व्यक्ति ही समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करके समाज में जागरुकता पैदा करता है। इसलिए सामाजिक उत्थान के लिए भी शिक्षा का सबसे ज्यादा महत्व है। हमारे मसीहा बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और बहुजन नायक कांशीराम जी ने भी शिक्षा के महत्व को समाज के लोगों को समझाते हुए उन्हें एकजुट किया और उसके बाद सामाजिक परिवर्तन और आर्थिक मुक्ति की लड़ाई लड़ी और उसमें वे सफल भी हुए।

समाज के संपन्न और प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारी इस मिशन में कर रहे सहयोग
उनका कहना है कि बाबा साहब ने कहा था कि जिस समाज से आप आये हैं और संविधान में प्रदत्त अधिकार के जरिए सरकारी सेवाओं में आकर आगे बढ़े हैं तो आपकी भी जिम्मेदारी बनती है कि आप अपने समाज के उत्थान के लिए कुछ करें। बाबा साहब ने इसे पे बैक टु सोसाइटी का नारा दिया। इसी नारे को साकार करने के लिए डॉ. आंबेडकर अकादमी ने खासतौर से वंचित-शोषित समाज के मेधावी बच्चों के लिए निशुल्क कोचिंग सेंटर स्थापित किये। इसमें बच्चों को रहने व खाने की भी निशुल्क व्यवस्था रहती है और इन छात्रों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति के लिए परीक्षाओं की तैयारी करायी जाती है।
खुशी की बात यह है कि कोचिंग संचालित करने के लिए समाज के संपन्न और प्रशासनिक सेवाओं से सेवानिवृत्त अधिकारी सहयोग कर रहे हैं। ये अधिकारी छात्रों को सेवाओं में आने के लिए गाइड करने के साथ ही यह भी बताते हैं कि परीक्षाओं की तैयारी कैसे की जाए। उनका कहना है कि दस साल के प्रयास के बाद हमारी अकादमी जिसमें समाज के विभिन्न अधिकारियों व समाजसेवियों का आर्थिक सहयोग व श्रम शामिल है, इनके प्रयास और सहयोग से लगभग दो सौ बच्चों का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हुआ है।
इस वर्ष डॉ. आंबेडकर अकादमी, गाजियाबाद के 26 छात्रों ने यूपी पीसीएस (प्री.) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परचम लहराया। इन्हें मेन्स की तैयारी करायी जा रही है। अकादमी में हर साल बच्चों के चयन का ग्राफ बढ़ रहा है, यह अकादमी और अकादमी के संस्थापक सदस्यों और समाज के लिए गौरव की बात है। उनका कहना है कि बाबा साहब का मिशन पे बैक टु सोसाइटी का जो मकसद था हमारी संस्था उसे पूरा करने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। उम्मीद है कि अन्य संस्थाएं भी गरीब मेधावियों के लिए इस तरह का सहयोग करने के लिए आगे आकर बाबा साहब के मिशन को आगे बढ़ाने में समाज का सहयोग करेंगी।